विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में रील के चक्कर में रियल आफत: उफनती गंगा में स्टंट दिखा रहा था थार चालक, बीच धारा में फंसा

Published: Fri, 10 Jul 2026 06:19 PM (IST)

हरिद्वार में एक युवक ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए उफनती गंगा में अपनी थार उतार दी, जिससे वह बीच धारा में फंस गया।

HighLights

  1. उफनती गंगा में थार से स्टंट करते फंसा युवक।

  2. एसडीआरएफ और पुलिस ने एक घंटे में बचाया।

  3. थार जब्त, चालक पर 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता और रोमांच की सनक एक युवक पर भारी पड़ गई। बैरागी कैंप के पास उफनती गंगा नदी में थार उतारकर स्टंट करने के दुस्साहस में चालक बीच धारा के तेज बहाव में फंस गया।

गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर एसडीआरएफ और कनखल पुलिस ने समय रहते मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

शांतिपुरम कालोनी का है चालक

घटना गुरुवार शाम की है। पुलिस के अनुसार, थार चालक की पहचान हरिओम, निवासी शांतिपुरम कालोनी, हरिद्वार के रूप में हुई है। वह अपनी महिंद्रा थार गाड़ी को गंगा के उफान के बीच उतारकर नदी पार करने की कोशिश कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिओम इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने और लोगों के बीच अपनी गाड़ी की क्षमता (ऑफ-रोडिंग पॉवर) का प्रदर्शन करने के लिए यह जानलेवा स्टंट कर रहा था।

बुलडोजर से निकाली गई थार

जैसे ही थार बीच नदी में फंसी और पानी का स्तर गाड़ी के ऊपर तक आने लगा, चालक की जान आफत में पड़ गई। किनारे पर खड़े जो लोग पहले वीडियो बना रहे थे, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

  • भारी भीड़: इस सनसनीखेज वाकये को देखने के लिए घाट पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
  • बुलडोजर की मदद: चालक हरिओम को सुरक्षित निकालने के बाद, बीच धारा में फंसी थार कार को निकालने के लिए पुलिस को बुलडोजर मंगवानी पड़ी।

'ऑपरेशन प्रहार' के तहत चालान, थार सीज

कनखल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमों को ताक पर रखने और अपनी व दूसरों की जान जोखिम में डालने के आरोप में थार गाड़ी को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है।

इसके साथ ही, आरोपी चालक हरिओम के खिलाफ पुलिस के 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए भारी चालान काटा गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने जनता और युवाओं से बेहद कड़े शब्दों में अपील की है कि इंटरनेट मीडिया पर चंद लाइक्स, लोकप्रियता या रोमांच के चक्कर में इस तरह के जानलेवा करतब न करें।

उफनती नदियों के पास जाना और ऐसे स्टंट करना सीधे मौत को दावत देना है, जिसके खिलाफ पुलिस आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार: मकान गिरने से मलबे में फंसे बीमार बुजुर्ग सहित 4 को बचाया, आफत की बारिश में डटी रही पुलिस

यह भी पढ़ें- हरिद्वार: धंसने लगा निर्माणाधीन मकान, बाढ़ के पानी में फंसे पिता-पुत्र को SDRF ने नाव से निकाला