हरिद्वार: मकान गिरने से मलबे में फंसे बीमार बुजुर्ग सहित 4 को बचाया, आफत की बारिश में डटी रही पुलिस
मूसलाधार वर्षा के बीच हरिद्वार में एक मकान गिरने से मलबे में फंसे चार लोगों को पुलिस और दमकल टीम ...और पढ़ें

मलबे से परिवार के सदस्यों को निकालते दमकल जवान: जागरण
HighLights
हरिद्वार में भारी वर्षा से मकान ढहने की घटना
मलबे में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
पुलिस और दमकल टीम ने खराब मौसम में मोर्चा संभाला
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मूसलाधार वर्षा और खराब मौसम के बीच पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मोर्चे पर डटी रही। दमकल टीम ने मकान गिरने से मलबे में फंसे चार व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला। कई जगहों पर सड़क पर गिरे पेड़ काटकर हटाते हुए यातायात सुचारू कराया।
वहीं, जलभराव वाले क्षेत्रों में पुलिस, सीपीयू और यातायात पुलिस के जवान वर्षा के बीच वाहनों को सुरक्षित निकलवाने में जुटे रहे। कुल मिलाकर पुलिस और दमकल जवानों ने खराब मौसम के बीच डयूटी का फर्ज निभाया।
मूसलाधार वर्षा के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास काली कमली वाली धर्मशाला के पीछे त्रिवेणी प्रसाद का मकान गिर गया। जिससे परिवार के चार सदस्य अंदर मलबे में फंस गए।
सूचना पर मायापुर अग्निशमन केंद्र की एक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू करते हुए चारों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। खास बात यह रही कि बीमारी के चलते चलने में असमर्थ एक व्यक्ति भी मलबे में फंस गए। उन्हें स्ट्रेचर की सहायता से बाहर निकाला गया।
इसके अलावा बहादराबाद स्थित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के बाहर गिरे विशालकाय पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर हटाते हुए यातायात सुचारु कराया गया।
वहीं, तुलसी चौक और आर्यनगर चौक के पास भी टूटकर गिरे पेड़ों को दमकल टीम ने हटवाया। अलग-अलग टीमों में नरेंद्र सिंह तोमर, प्रकाश मनोरी, विपिन तोमर, चंद्रप्रकाश नौटियाल, मातबर सिंह, खुशाल, सुरेश, शैलेंद्र भट्ट, दीपाली वर्मा, मनीषा नेगी, संजय कैंतुरा, संदीप जोशी, यशपाल राणा शामिल रहे।
इसके अलावा मध्य हरिद्वार में जलभराव से यातायात बाधित होने पर कोतवाली पुलिस के अलावा सीपीयू व यातायात पुलिस के जवानों ने दिन भर वर्षा के बीच वाहनों को सुरक्षित निकलवाया।
यह भी पढ़ें- रुड़की में मूसलधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित, 24 घंटे में 339 मिमी बारिश दर्ज
यह भी पढ़ें- रुड़की में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पॉश इलाकों से घरों तक घुसा पानी
