विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में जिला सहकारी बैंक वित्तीय गड़बड़ी का मामला, तीन शाखा प्रबंधक निलंबित

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:41 AM (IST)

जिला सहकारी बैंक की तीन शाखाओं के प्रबंधकों को वित्तीय अनियमितताओं और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है। 

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

रमन त्यागी, रुड़की। जिला सहकारी बैंक की तीन शाखाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता व अनुशासनहीनता पर तीन शाखा प्रबंधकों को निलंबित कर दिया गया है।

वहीं कई शाखा प्रबंधकों की जांच बैठा दी गई है। एक शाखा प्रबंधक पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत धनराशि को लाभार्थी के खाते में न देकर सीधे बिल्डर के खाते में भेजने का आरोप है। मामले की विस्तृत जांच बैठा दी गई है।

बोर्ड को मिल रही थी वित्तीय अनियमितता की शिकायतें 

हरिद्वार जिले के सहकारी बैंक की विभिन्न शाखाओं में लंबे समय से वित्तीय अनियमितता की शिकायतें बोर्ड को मिल रही थी, जिस पर जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी विजेन्द्र सिंह ने विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की। उन्होंने पाया कि रुड़की शहर से सटी शेरपुर शाखा के प्रबंधक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े पैमाने पर ऋण का वितरण किया है।

लाभार्थियों के खाते में धनराशि देने के बजाए सीधे बिल्डर के खाते में धनराशि भेज दी गई। जिस पर शाखा प्रबंधक राजेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा मुख्यालय पर तैनात प्रबंधक प्रवीण कुमार ने 60 लाख रुपये बैंक के खाते से निकालकर अपने खाते में डाल लिए, जब इसकी समीक्षा की गई तो यह गड़बड़ी पाई गई। हालांकि उनके द्वारा रकम को बैंक के खाते में वापस भेज दिया गया। वित्तीय अनियमितता में उन पर भी कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया।

वहीं खानपुर एवं लक्सर शाखा में पूर्व में तैनात रहे प्रबंधक प्रमेन्द्र कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। यहां पर करोड़ों रुपये का ऋण बांटा गया। जब वसूली के लिए कहा गया तो प्रबंधक द्वारा दिलचस्पी नहीं ली गई।

उनको एक माह में 25 लाख रुपये की ऋण वसूली का लक्ष्य दिया गया , लेकिन एक लाख की रकम ही उनके द्वारा जमा कराई गई। जिस पर उनको निलंबित कर दिया गया। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि गलत तरीके से ऋण का वितरण कर बैंक को एनपीए की ओर ले जाने का काम कुछ शाखा प्रबंधकों द्वारा किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।