विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुड़की में बीजेपी के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कांग्रेस के 'भूमि बचाओ अभियान' को बताया झूठ का पुलिंदा

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:59 PM (IST)

भाजपा जिला रुड़की ने कांग्रेस के 'भूमि बचाओ अभियान' को झूठ का पुलिंदा बताया।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए झूठ फैला रही है, जबकि भाजपा सरकार भूमि का सदुपयोग कर रही है।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए झूठ फैला रही है, जबकि भाजपा सरकार भूमि का सदुपयोग कर रही है।

HighLights

  1. कांग्रेस का 'भूमि बचाओ अभियान' झूठ का पुलिंदा: मदन कौशिक।

  2. भाजपा सरकार ने 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि अवैध कब्जों से मुक्त कराई।

  3. निवेश से रोजगार, पलायन रोकने और आर्थिक विकास को बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, रुड़की। भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की ओर से कांग्रेस की यात्रा पर सवाल उठाया गया। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है। इसलिए कांग्रेस जनता के बीच में झूठ फैलाने का काम कर रही है। जनता पूरी तरह से समझ चुकी है, इसलिए कांग्रेस का झूठ अब चलने वाला नहीं है।

बुधवार को भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का ‘भूमि बचाओ अभियान’ एक झूठ का पुलिंदा है। अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की छटपटाहट है।

कांग्रेस को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटनों का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने नानीसार प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय 7.061 हेक्टेयर पंचायत भूमि मात्र 1,200 रुपये वार्षिक किराये पर 30 वर्ष के लिए आवंटित की गई थी। इस मामले में विरोध करने वाले ग्रामीणों पर मुकदमे तक दर्ज हुए। उन्होंने धौलास भूमि विवाद, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को भूमि आवंटन तथा टाटा मोटर्स-सिडकुल भूमि आवंटन जैसे मामलों पर भी कांग्रेस से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीति सरकारी भूमि को बेचने की नहीं, बल्कि सरकारी स्वामित्व सुरक्षित रखते हुए उसका सदुपयोग करने की है।

अनुपयोगी भूमि को निर्धारित शर्तों पर लीज के माध्यम से उद्योग, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगभग 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। सरकार सख्त भू-कानून, स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा और पारदर्शी भूमि प्रबंधन के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष डा. मधु सिंह ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में भूमि संरक्षण के साथ रोजगार और आर्थिक विकास भी अत्यंत आवश्यक है।

प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, पलायन रोकने तथा स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों, टैक्सी चालकों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक अवसर देने के लिए निवेश जरूरी है। जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा के संचालन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री सागर गोयल, जिला उपाध्यक्ष डॉ सौरभ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, बृज मोहन सैनी, अवनीश शर्मा, सुशील त्यागी,धीर सिंह, मास्टर नागेन्द्र ,अंकित गौतम आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।