उत्तराखंड चुनाव: हरिद्वार में BJP पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने की रायशुमारी, टिकट के दावेदारों की भरमार
विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले ही हरिद्वार में भाजपा में टिकट की दावेदारी और सियासी सक्रियता तेज हो गई है।

पार्टी पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की, जहां कई दावेदारों ने अपनी बात रखी और भाजपा ने जीत की हैट्रिक का लक्ष्य रखा।
HighLights
भाजपा में विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी तेज हुई।
पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की।
भाजपा हरिद्वार में जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। विधानसभा चुनाव में अभी करीब एक साल का समय बाकी है, लेकिन भाजपा में टिकट की दावेदारी और सियासी सक्रियता तेज होने लगी है। मंगलवार को भाजपा पर्यवेक्षक व पूर्व सांसद नरेश बंसल आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की राय जानने हरिद्वार पहुंचे।
राज्य अतिथि गृह डामकोठी में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान हरिद्वार विधानसभा सीट से कई दावेदारों ने अपनी राजनीतिक ताकत और सक्रियता का अहसास कराते हुए टिकट के लिए दावेदारी पेश की।
रायशुमारी के दौरान नरेश बंसल ने कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की ताकत के दम पर ही लगातार चुनाव जीतती आई है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी जीत की हैट्रिक लगाएगी और पिछली बार से अधिक सीटें जीतकर नया रिकॉर्ड बनाएगी।
इधर, टिकट की दावेदारी को लेकर सक्रिय नेताओं ने भी अपनी बात रखी। दावेदारों का कहना था कि पार्टी में अपनी दावेदारी पेश करना उनका अधिकार है, लेकिन अंतिम निर्णय संगठन का होगा। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, सभी कार्यकर्ता उसकी जीत के लिए एकजुट होकर काम करेंगे।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, विकास तिवारी, डा. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड चुनाव: टिहरी की सभी 6 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी यूकेडी, 4 प्रत्याशियों की घोषणा