विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्धकुंभ से पहले 2.84 करोड़ की लागत से संवरेगा भीमगोड़ा कुंड, लाल बलुआ पत्थर, नक्काशीदार गुंबद और LED लाइटों से जगमगाएगा परिसर

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:42 AM (IST)

हरिद्वार के पौराणिक भीमगोड़ा कुंड का 2.84 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक सुंदरीकरण किया जाएगा, जिसमें लाल बलुआ पत्थर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 2.84 करोड़ की लागत से भीमगोड़ा कुंड का सुंदरीकरण।

  2. लाल बलुआ पत्थर, कलाकृतियों और LED लाइटों से सजेगा।

  3. अर्धकुंभ से पहले 90 दिनों में कार्य होगा पूरा।

गौरव त्यागी, हरिद्वार। हरकी पैड़ी के समीप स्थित पौराणिक भीमगोड़ा कुंड की बदहाली दूर करने के लिए अब व्यापक स्तर की तैयारी है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) 2.84 करोड़ रुपये की लागत से इसका सुंदरीकरण कराएगा। योजना के तहत कुंड परिसर के पुराने और क्षतिग्रस्त निर्माण को हटाकर नए सिरे से विकास कार्य कराए जाएंगे। परिसर में लाल बलुआ पत्थर की सुंदर फर्श बिछाई जाएगी।

दीवारों को आकर्षक कलाकृतियों से सजाने के साथ पत्थर की जालियां, नक्काशीदार खंभे, मेहराब और गुंबद बनाए जाएंगे। धार्मिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। रात में पूरा परिसर सजावटी एलईडी लाइटों से रोशन होगा। कार्य पूरा करने के लिए 90 दिन की अवधि निर्धारित की गई है।

परियोजना में परिसर में मौजूद पुरानी पत्थर की फर्श, क्षतिग्रस्त दीवारों, ईंटों और कंक्रीट के निर्माण को हटाया जाएगा। इसके बाद नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। सुंदरीकरण योजना में कलाकृतियों को विशेष स्थान दिया गया है। परिसर की दीवारों और अन्य सतहों पर आकर्षक चित्रकारी की जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से तैयार की गई सजावटी धातु की शीट और एसीपी शीट भी लगाई जाएंगी।

साइनेज के माध्यम से परिसर में जरूरी सूचनाएं और पहचान संबंधी संकेत भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इनके निर्माण में ब्लैक ग्रेनाइट या नर्मदा मार्बल का इस्तेमाल किया जाएगा। परिसर में पौधारोपण भी होगा। इसके लिए सजावटी गमलों में एरिका पाम के पौधे लगाए जाएंगे। इससे कुंड के आसपास हरियाली और सुंदरता बढ़ेगी।

रात में रोशनी से जगमगाएगा परिसर

भीमगोड़ा कुंड को रात में भी आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सजावटी पोल लगाए जाएंगे। इन पर एलईडी लाइटें लगेंगी।इससे कुंड की स्थापत्य कला और कलाकृतियां रात में भी दिखाई देंगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए परिसर में सड़क और पाथवे का निर्माण भी होगा।

रास्तों को मजबूत बनाया जाएगा। जहां जरूरी होगा, वहां किनारे और सुरक्षा के लिए स्टेनलेस स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। परियोजना में बोरवेल और ट्यूबवेल का काम भी शामिल किया गया है। इससे परिसर की जरूरत के अनुसार पानी की उपलब्धता की व्यवस्था विकसित की जा सकेगी।

कई बार हुआ सुंदरीकरण, लेकिन नहीं बदली स्थायी स्थिति

भीमगोड़ा कुंड का धार्मिक और पौराणिक महत्व है। मान्यता है कि महाभारत काल में अज्ञातवास के दौरान पांडव यहां ठहरे थे। इसी दौरान भीम ने जमीन पर पैर मारकर जलधारा निकाली थी। इसी मान्यता के कारण इस स्थान का नाम भीमगोड़ा पड़ा। हरकी पैड़ी के समीप होने के कारण यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही भी रहती है। कुंड का सुंदरीकरण पहले भी कई बार कराया जा चुका है। वर्ष 2010 में परिसर में फव्वारा भी लगाया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह खराब हो गया।

समय के साथ फर्श और अन्य निर्माण की स्थिति भी बिगड़ती गई। कुंड में पानी की गुणवत्ता, गंदगी और नियमित सफाई को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में अब केवल मरम्मत के बजाय पूरे परिसर को नए सिरे से विकसित करने की योजना बनाई गई है। अर्धकुंभ से पहले इस काम को पूरा करने की तैयारी है। अर्धकुंभ के दौरान देशभर से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में भीमगोड़ा कुंड जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल को नया स्वरूप मिलने के साथ उसका संरक्षण भी हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद हरिद्वार की हवा हुई जहरीली, एक्यूआई और पीएम-10 में भारी उछाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।