Move to Jagran APP

सीताराम येचुरी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज

सीपीएम नेता सीताराम येचुरी के रामायण और महाभारत को लेकर दिए गए विवादित बयान पर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि येचुरी ने धार्मिक और सामाजिक पाप किया है।

By Sunil NegiEdited By: Published: Sat, 04 May 2019 12:31 PM (IST)Updated: Sat, 04 May 2019 09:25 PM (IST)
सीताराम येचुरी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज

हरिद्वार, जेएनएन। माकपा नेता सीताराम येचुरी के खिलाफ हरिद्वार में देर शाम पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे पहले शनिवार सुबह योग गुरु बाबा रामदेव के नेतृत्व में संतों ने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जन्मजेय खंडूरी से मुलाकात कर येचुरी के खिलाफ तहरीर दी थी। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (नगर) कमलेश उपाध्याय ने इसकी पुष्टि की है।

loksabha election banner

शुक्रवार को माकपा नेता सीताराम येचुरी ने कहा था कि रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों से साबित होता है कि हिंदू भी हिंसक हो सकते हैं। माकपा नेता के बयान से  संतों का पारा सातवें आसमान पर है। शनिवार को योग गुरु बाबा रामदेव और भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यामित्रानंद गिरी के नेतृत्व में संतों ने संयुक्त से मीडिया से बातचीत की। बाबा रामदेव ने कहा कि येचुरी ने सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय पाप किया है। उन्होंने बगैर रामायण, महाभारत, वेद और उपनिषद पढ़े यह टिप्पणी कर डाली कि हिंदू स्वभाव से ही हिंसक होते हैं।

उन्होंने कहा कि यह घोर आपत्तिजनक है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरित्र पर अंगुली उठाना हमारी सहिष्णुता के खिलाफ है। इस कृत्य के लिए येचुरी को माफी मांगनी चाहिए। योग गुरु ने कहा कि कम्यूनिस्ट तो रक्तक्रांति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कहा कि श्रीराम और श्रीकृष्ण ने यदि किसी निर्दोष की हत्या की हो तो येचुरी इसका प्रमाण दिखाएं। उन्होंने कहा कि यदि येचुरी को इतनी आपत्ति है तो तो वह अपना नाम रावण, कंस, बाबर और तैमूर आदि रखें। चेतावनी दी कि यदि उन्होंने शीघ्र माफी नहीं मांगी तो संत समाज सड़कों पर उतरने को विवश होंगे। उन्होंने देश भर के लोगों का आह्वान किया कि येचुरी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराएं।

भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज ने कहा कि येचुरी हिंदुओं को हिंसक बताते हैं।  भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया। उन्होंने पूछा क्या इसे हिंसा कहेंगे। कहा कि सीताराम को अपना नाम बदलकर रावण रखना चाहिए। आक्रोशित स्वामी सत्यामित्रानंद यहां तक कह गए कि 'येचुरी को तोप से उड़ा दिया जाए तो परमात्मा की कृपा होगी।' उन्होंने कहा कि अपने इस बयान के लिए वह जेल जाने को भी तैयार हैं। 

यह भी पढ़ें: विधायक चैंपियन के समर्थकों को हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत, समय के अभाव में टली सुनवाई

यह भी पढ़ें: भाजपा विधायक कपूर बोले, फ्लाईओवर समस्या के लिए कांग्रेस जिम्मेदार

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.