विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्द्धकुंभ में साइबर ठगी की आशंका, हरिद्वार में मेले के दौरान Cyber ​​Commando करेंगे वार

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:20 PM (IST)

हरिद्वार मेला पुलिस अर्द्धकुंभ में श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए विशेष साइबर थाना स्थापित करेगी।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मेहताब आलम, हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान होटल, धर्मशाला व पार्किंग जैसी सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग में सामने आ चुकी धोखाधड़ी की घटनाओं को देखते हुए मेला पुलिस अलर्ट है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी डिजिटल सुरक्षा भी पुलिस ने विशेष कार्ययोजना बनाई है। पुलिस डिजिटल प्लेटफार्म पर निगरानी बढ़ाने और साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए साइबर थाना बनाकर उसमें विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

अर्द्धकुंभ में भी साइबर ठगी की आशंका 

चारधाम यात्रा के दौरान ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी की घटनाएं हर साल सामने आ रही हैं। इसी तरह अर्द्धकुंभ में भी साइबर ठगी की आशंका बनी हुई है। जिसे देखते हुए विशेष साइबर थाना या साइबर सुरक्षा केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए आइटी और साइबर अपराधों में दक्ष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

फर्जी वेबसाइट, इंटरनेट मीडिया पेज की निगरानी के साथ ही ऑनलाइन पेमेंट लिंक और बुकिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी की शिकायतों पर कार्रवाई की जा सकेगी।

मेला नियंत्रण भवन सभागार में डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर एडीजी कानून एवं व्यवस्था डा. वी. मुरुगेशन और एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में भी साइबर सुरक्षा और डिजिटल निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं के लिए सावधानियां जरूरी

मेला आइजी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि विशेष साइबर थाना बनाते हुए सूचना प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि ऑनलाइन ठगी की शिकायतों का तेजी से निस्तारण हो सके।

उन्होंने अर्द्धकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि होटल या धर्मशाला की बुकिंग से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क नंबर की पुष्टि करें। गूगल सर्च या सोशल मीडिया पर मिले अनजान नंबरों पर भरोसा कर अग्रिम भुगतान न करें।

किसी अनजान व्यक्ति के भेजे क्यूआर कोड को स्कैन करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ध्यान रखें कि यूपीआइ से भुगतान प्राप्त करने के लिए पिन डालने की जरूरत नहीं होती। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और cybercrime.gov.in पर भी इसकी सूचना दें।

साइबर ठगी रोकने के लिए कार्ययोजना

  • होटल, धर्मशाला और आश्रम की फर्जी ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइटों और इंटनरेट मीडिया पेजों की निगरानी।
  • पार्किंग और परिवहन के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी भुगतान लिंक और क्यूआर कोड की जांच।
  • विशेष साइबर थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और आइटी विशेषज्ञों की तैनाती।
  • इंटरनेट मीडिया पर कुंभ से संबंधित फर्जी विज्ञापनों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर।
  • साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक और भुगतान एजेंसी से समन्वय कर रकम रोकने का प्रयास।
  • श्रद्धालुओं के लिए साइबर जागरूकता अभियान और अधिकृत बुकिंग माध्यमों की जानकारी उपलब्ध कराना।

यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में हरिद्वार की सफाई व्यवस्था होगी चाक चौबंद, 10 हजार क्यूआर कोड करेंगे ऑनलाइन निगरानी

यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्धकुंभ की हाईटेक तैयारी, करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए बनेगा मोबाइल एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।