हरिद्वार में संदिग्ध बुखार से दो और मौत, आंकड़ा 28 पहुंचा
संदिग्ध बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दो और महिलाओं की मौत हो गई है। इनमें से एक महिला की मौत भगवानपुर के सिकंदरपुर भैंसवाल में हुई है।
हरिद्वार, जेएनएन। संदिग्ध बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दो और महिलाओं की मौत हो गई है। इनमें से एक महिला की मौत भगवानपुर के सिकंदरपुर भैंसवाल में हुई है। महिला का उपचार मेरठ के एक अस्पताल में चल रहा था। वही झबरेड़ा निवासी महिला की भी बुखार से मौत हो गई है। महिला का उपचार देहरादून के मैक्स अस्पताल में चल रहा था। झबरेड़ा, भगवानपुर और रुड़की क्षेत्र में अब तक बुखार से 28 मौत हो चुकी हैं। काफी संख्या में बुखार से पीड़ित मरीज सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इसके बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जिससे बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।
भगवानपुर क्षेत्र में संदिग्ध बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुखार से पीड़ित सिकंदरपुर गांव निवासी बानो (45 वर्ष) पत्नी इरफान को पिछले चार-पांच दिन से बुखार आ रहा था। बुखार के कारण उसे एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के एक अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई है। सिकंदरपुर गांव में इससे पहले भी बुखार से चार मौत हो चुकी हैं।
उधर, झबरेड़ा निवासी बबली (55 वर्ष) को दस दिन पूर्व बुखार आया था। पहले तो उसका उपचार कस्बे के ही एक चिकित्सक से कराया गया, लेकिन जब हालत में सुधार नहीं आया तो महिला को एक नर्सिंग होम में भर्ती किया गया। बाद में महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। महिला का उपचार देहरादून के मैक्स अस्पताल में चल रहा था।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार में बुखार से तीन और मौत, उत्तराखंड में अब तक 6412 में डेंगू की पुष्टि
शनिवार देर रात महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला के पति अरविंद का कहना है कि अधिक बुखार होने की वजह से उनकी पत्नी प्लेटलेट्स काफी कम हो गई थी। जिससे किडनी ने भी काम करना बंद कर दिया था। चिकित्सक ने जांच रिपोर्ट में डेंगू के लक्षण बताए थे। महिला का शव कस्बे में लाया गया। जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। क्षेत्र में बुखार का प्रकोप है। बुखार से मौत होने के चलते लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में लोग कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की मांग कर रहे हैं।
उत्तराखंड के गैरसैंण में अज्ञात बीमारी से छह लोगों की मौत, 50 से अधिक बीमार
सीएमओ हरिद्वार डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि बुखार पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं। स्वास्थ्य कैंप लगाए जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है कि बुखार से पीड़ित मरीज की सभी जरूरी जांच कराएं और उन्हें बेहतर उपचार दें।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार के भगवानपुर में संदिग्ध बुखार से चार की मौत, 20 पहुंचा आंकड़ा