Move to Jagran APP

Coronavirus: हरिद्वार में 11 और संदिग्ध मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

मेला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 11 और संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 318 लोगों की स्क्रीनिंग हुई।

By Bhanu Prakash SharmaEdited By: Published: Tue, 31 Mar 2020 03:09 PM (IST)Updated: Tue, 31 Mar 2020 03:09 PM (IST)
Coronavirus: हरिद्वार में 11 और संदिग्ध मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
Coronavirus: हरिद्वार में 11 और संदिग्ध मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

हरिद्वार, जेएनएन। मेला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 11 और संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 318 लोगों की स्क्रीनिंग हुई। जिला कंट्रोल रूम में विभिन्न क्षेत्रों से 44 शिकायतें मिली, जिसका समय से निस्तारण कराया गया।

loksabha election banner

सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि 19 लोगों को सीबीआरआइ गेस्ट हाउस में फैसिलिटी क्वारंटाइन किया गया है। वहीं 75 वर्षीय बुजुर्ग में संक्रमण जैसे लक्षणों के आधार पर मेला अस्पताल में भर्ती कर उनके सैंपल जांच को भेजे गए।

छह लोगों को सिंचाई विभाग रुड़की के गेस्ट हाउस में फैसिलिटी क्वारंटाइन किया गया है। अन्य 13 को भी जिले के अन्य क्वारंटाइन फैसिलिटी में भर्ती किया जा रहा है। बताया कि जिले में अब तक 72 मरीजों की सैंपल रिपोर्ट आ चुकी है, सभी निगेटिव हैं।

छह लोगों के सैंपल लिए 

लालढांग स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लालढांग क्षेत्र में विदेश से आए छह संदिग्धों के सैंपल लिए हैं। ये लोग कुछ समय पहले ही गांव लौटे थे। कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सक्रिय है। कुछ समय पहले लालढांग, मिट्ठीबेहड़ी और चमरिया के छह लोग दूसरे देशों से घर लौटे थे। उस समय भी उनकी जांच की गई थी। अब सोमवार को एक बार फिर सीएमओ के निर्देश पर एक मेडिकल टीम लालढांग पहुंची और इनके सैंपल लिए। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव को हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

रुड़की में नौ के लिए सेंपल 

सिविल अस्पताल रुड़की के आइसोलेशन वार्ड में नौ संदिग्ध मरीजों को भर्ती कर उनके सैंपल लिए गए। वहीं अस्पताल में दो दिन पहले भर्ती किए गए पांच मरीजों की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इन्हें घर पर क्वारंटाइन रहने को कहा गया है।

सिविल अस्पताल के आइसोलशन वार्ड में जिन नौ लोगों को भर्ती किया गया है, उन्हें खांसी-जुकाम की शिकायत है। उनकी ट्रैवल हिस्ट्री को देखते हुए एहतियात के तौर पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी मरीज में कोई गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं। लेकिन, ये लोग ऐसे स्थानों से आए हैं, जहां कोरोना के नए केस रोज सामने आ रहे हैं।

भर्ती मरीजों में एक ऑस्ट्रेलिया, एक इंडोनेशिया, एक चंडीगढ़, दो दिल्ली, दो मेरठ, एक गुजरात और एक हरदोई उत्तर प्रदेश से आया है। सभी नौ मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं दो दिन पहले अस्पताल में जिन पांच संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया था। उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।

53 लोगों को किया क्वारंटाइन

नारसन में 40 और भगवानपुर में 13 लोगों को क्वारंटाइन किया गया। नारसन बार्डर पर विभिन्न राज्यों से आए 40 लोगों को रोक लिया गया। लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद नारसन स्थित राजा महेंद्र प्रताप इंटर कॉलेज में क्वारंटाइन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच करेगी। वहीं, भगवानपुर में भी 13 लोगों को क्वारंटाइन किया गया। इन लोगों को एक बस ने काली नदी चौकी पर उत्तर प्रदेश की सीमा पर छोड़ दिया था। इनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई।

सऊदी अरब से लौटे युवक की तबीयत बिगड़ी 

लक्सर में सऊदी अरब से लौटे खानपुर के युवक की तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य विभाग ने युवक को जांच के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भेज दिया है। पूर्व में युवक की जांच रिपोर्ट सामान्य आने पर उसे एहतियातन क्वारंटाइन किया गया था। 

खानपुर क्षेत्र के लालचंदवाला गांव निवासी एक युवक सऊदी अरब में रह रहा था। करीब दस दिन पहले वह गांव वापस लौटा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर युवक का स्वास्थ्य परीक्षण किया था। इसमें युवक का स्वास्थ्य सामान्य मिला था, लेकिन अब युवक को बुखार होने की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। खानपुर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनित कुमार ने बताया कि पूर्व में किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में युवक की रिपोर्ट सामान्य आई थी, एहतियातन उसे क्वारंटाइन किया गया था।

आइआइटी में क्वारंटाइन लोगों की संख्या घटकर हुई 15

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) रुड़की में क्वारंटाइन लोगों की संख्या 17 से घटकर 15 रह गई है। दो लोगों के क्वारंटाइन की 14 दिन की अवधि पूरी होने पर इन्हें संस्थान के गेस्ट हाउस में बनाए गए सेल्फ क्वारंटाइन स्पेस से छुट्टी दे दी गई है। आइआइटी रुड़की में अब क्वारंटाइन लोगों में 10 छात्र, एक फैकल्टी, दो स्टाफ सदस्य और दो स्वजन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: हरिद्वार में अब तक 62 की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव

वहीं प्रशासन की ओर से संस्थान के चिकित्सालय के छह कमरों को लिया गया है। आइआइटी रुड़की के निदेशक प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के अनुसार संस्थान परिसर में लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। सरकार की ओर से निर्धारित समय में ही आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुल रही हैं। इस समय संस्थान के गेस्ट हाउस में बनाए गए सेल्फ क्वारंटाइन स्पेस में 15 लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में 30 रिपोर्ट निगेटिव, 40 नए नमूने लिए; 177 क्वारंटाइन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.