एकतरफा प्यार में छात्रा को धमकाने का आरोपित युवक गिरफ्तार Dehradun News
कॉलेज से पासआउट होने के बाद भी एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने वीडियो कॉल पर छात्रा को जान से मारने और बात न मानने पर बदनाम करने की धमकी दे डाली।
देहरादून, जेएनएन। कॉलेज से पासआउट होने के बाद भी एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने वीडियो कॉल पर छात्रा को जान से मारने और बात न मानने पर बदनाम करने की धमकी दे डाली। इससे डरी-सहमी छात्रा राजपुर थाने पहुंची और युवक के खिलाफ तहरीर दे दी। राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को कुठाल गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ छेड़खानी व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र की एक छात्रा ने बताया कि कुछ महीने पहले नितिन चौहान निवासी बिजनौर कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई पूरी कर चला गया। इसके बाद भी वह उसे फोन करता रहा। उसने बार-बार फोन करने से मना किया और कहा भी कि ज्यादा परेशान किया तो वह पुलिस में शिकायत कर देगी। इसके बाद भी नितिन उसे अक्सर फोन कर परेशान करता रहा।
आरोप यह भी है कि कुछ दिन पहले उसने वीडियो कॉल कर असलहा दिखाया और कहा कि वह उसकी नहीं हुई तो जान से मार देगा। एसओ राजपुर अशोक राठौर ने बताया कि फोन पर असलहा दिखाने की जांच की जा रही है। नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपहृत किशोरी पुणे में मिली, आरोपित गिरफ्तार
दून शहर कोतवाली क्षेत्र से पांच दिन पूर्व अपहृत किशोरी महाराष्ट्र के पुणे में मिली। पुलिस ने उसे अगवा करने वाले आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने उसपर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी।
बीती 25 जनवरी को शहर कोतवाली में एक शख्स ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी 15 साल की बेटी 24 जनवरी की रात से गायब है। उन्होंने रजत निवासी टर्नर रोड पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस को यह भी बताया कि रजत काफी दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत पुलिस से करने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
जांच के दौरान रजत और किशोरी के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने के साथ ही पुलिस ने उनकी 24 जनवरी की रात के बाद की लोकेशन निकलवाई। पता चला कि दोनों पुणे में है। दोनों के वहां होने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसआइ राजेंद्र कुमार की अगुआई में एक टीम पुणे भेजी गई। पुणे में किशोरी एक घर में मिली। पुलिस को दिए गए बयान में किशोरी ने उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात कही। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराने के साथ उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: नाबालिग चचेरी बहन से दुष्कर्म में भाई को बीस साल कैद