श्रमिकों को मिले न्यूनतम 18 हजार रुपये मजदूरी, आठ घंटे हो काम के लिए निर्धारित
जिला सम्मेलन में अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस ने श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये करने और कार्य के आठ घंटे निर्धारित करने पर जोर दिया।
देहरादून, जेएनएन। अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के जिला सम्मेलन में श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये करने और कार्य के आठ घंटे निर्धारित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों के हित में केंद्र सरकार संवदेनशील होकर निर्णय लें।
रविवार को प्रिंस चौक स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के जिला स्तरीय सम्मेलन का उद्घाटन प्रांतीय महामंत्री अशोक शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की दर बीते 45 सालों में इस समय ज्यादा बढ़ी है। यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष समर भंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीति के कारण 120 से ज्यादा थर्मल प्लांट बंद हो गए हैं। वहीं, केंद्र सरकार संप्रदाय, पाकिस्तान के नाम पर जनता को बरगला रही है, लेकिन श्रमिक हित के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है।
होटल वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष धर्मानंद भट्ट ने कहा कि होटल में काम करने वाले कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआइसी सुविधा नहीं मिल रही है। जिला चाय बागान मजदूर सभा की सभापति चित्र गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार की शह पर चाय बागान की जमीन पर चाय को छोड़कर अन्य फसलें उगाई जा रही हैं। सम्मेलन में वक्ताओं ने केंद्र सरकार से न्यूनतम 18 हजार मजदूरी देने, जल निगम और जल संस्थान के एकीकरण और राजकीयकरण, ऊर्जा निगम में पुराना एसीपी 9, 14, 19 लागू करने, दिन में आठ घंटे काम के घंटे निर्धारित करने की काम की। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल उनियाल व संचालन मंत्री ईश्वर पाल शर्मा ने किया।
यह भी पढ़ें: भगवानपुर विधायक ममता राकेश डेंगू से पीड़ित, सीएमआइ में भर्ती
अश्विनी त्यागी चुने गए जिलाध्यक्ष
जिला स्तरीय सम्मेलन में नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अश्विनी त्यागी अध्यक्ष, अनिल उनियाल मंत्री, धर्मानंद भट्ट और वीरेंद्र गुसाईं उपाध्यक्ष, चित्र गुप्ता के साथ ही डीपी जोशी संयुक्त मंत्री, लक्ष्मी नारायण भट्ट कोषाध्यक्ष, अनिल जुयाल, डीपी जोशी, प्रदीप कश्यप, अनिल उनियाल, वीरेंद्र सिंह, सुनील, पूरन सिंह, आरपी बडोनी, विक्रम राणा, चंपा देवी को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
यह भी पढ़ें: कर्मचारियों के लिए अटल आयुष्मान योजना का जल्द निकलेगा हल, पढ़िए पूरी खबर