शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन हुए शुरू, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध
शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश, हरिद्वार और गद्दीस्थलों पर ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं।

चारधाम
HighLights
शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण केंद्र हुए शुरू।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण संभव है।
पंच बदरी, पंच केदार मंदिरों का भी हो रहा प्रचार।
दीपक सेमवाल, ऋषिकेश। चारों धाम की शीतकालीन यात्रा के लिए पहली बार ऋषिकेश व हरिद्वार समेत चारों गद्दीस्थलों पर पंजीकरण केंद्र शुरू हो गए हैं। यात्री ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं। इस बार शीतकालीन यात्रा के लिए चारधाम के साथ गढ़वाल मंडल के सभी प्रमुख मंदिरों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इनमें पंच बदरी व पंच केदार मंदिर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सरकार पिछले कुछ वर्षों से चारधाम यात्रा संपन्न होने के बाद शीतकालीन यात्रा पर जोर दे रही है। इस बार चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थलों के साथ ही गढ़वाल मंडल के प्रमुख मंदिरों को भी प्रचार-प्रसार से जोड़ा गया है।
पहली बार शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। गद्दीस्थलों के साथ ही हरिद्वार में एक और ऋषिकेश में दो पंजीकरण केंद्र खोले गए हैं। यात्री हरिद्वार-ऋषिकेश के अलावा सीधे गद्दीस्थलों पर भी पंजीकरण करा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- देहरादून के विकास नगर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थल
- धाम, गद्दीस्थल
- यमुनोत्री, खरसाली
- गंगोत्री, मुखवा
- केदारनाथ, ऊखीमठ
- बदरीनाथ, पांडुकेश्वर व नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ
अब तक 809 श्रद्धालु कर चुके चारधाम के दर्शन
चारधाम यात्रा प्रबंधन और नियंत्रण संगठन के अनुसार 23 नवंबर तक 809 श्रद्धालु चारों गद्दीस्थल पर दर्शन को पहुंच चुके हैं। इस साल हेमकुंड समेत चारधाम यात्रा पर 65 लाख 65 हजार 197 यात्री पहुंचे, जो एक नया रिकॉर्ड है। इस वर्ष 19 अप्रैल से 16 नवंबर तक चारधाम यात्रा चली। इसके बाद शीतकालीन यात्रा शुरू हुई।
शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। शीतकालीन गद्दीस्थलों के साथ ही पंच बदरी व पंच केदार समेत अन्य मंदिरों का भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।- डॉ. प्रजापति नौटियाल, विशेष कार्याधिकारी, चारधाम यात्रा प्रबंधन और नियंत्रण संगठन
शीतकालीन यात्रा के प्रचार-प्रसार को इंटरनेट मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। गद्दीस्थल व पड़ावों पर यात्रियों के लिए खाने-ठहरने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उम्मीद है कि इस वर्ष शीतकालीन यात्रा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचेंगे।- हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।