यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather Update: उत्तराखंड में मानसून देरी से देगा दस्तक, 10 जून के बाद राहत दे सकता है मौसम, ये है बड़ा अपडेट
Weather Update मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को राज्य के उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग चमोली बागेश्वर ...और पढ़ें

देहरादून, जागरण संवाददाता। इस साल उत्तराखंड में मानसून देरी से दस्तक देगा। मानसून के इस बार विलंब से आने के कारण उत्तराखंड में यह जुलाई में दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। जिससे आशा व्यक्त की जा रही है कि इस बार उत्तराखंड में मानसून करीब 10 से 12 दिन विलंब से जुलाई में आने की उम्मीद की जा रही है।
उधर, गुरुवार को प्रदेशभर में मौसम का मिजाज आंशिक रूप से बदला रहने की संभावना है। जहां मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने और चटख धूप खिली रहने की संभावना है वहीं पहाड़ी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।
कहीं छाए बादल, तो कहीं गर्मी से छूटे पसीने
बुधवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा, केवल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्के बादल छाये रहे। सुबह से ही दून और मसूरी क्षेत्र में चटख धूप खिली रही। दोपहर बाद दो बजे तेज धूप महसूस की गई हालांकि शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की हवाएं चलने से गर्मी का अधिक एहसास नहीं हुआ।
ऐसा रहा तापमान
दून का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। टिहरी का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी प्रकार पंतनगर का अधिकतम तापमान 38.1 व न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.1 व न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। देहरादून के अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, डोईवाला आदि मैदानी क्षेत्रों में दिनभर चटख धूप खिली रही।
10 जून के बाद वर्षा और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की वर्षा गरज-चमक के साथ होने की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। 10 जून से मौसम के करवट बदलने की संभावना है। प्रदेश में 10 जून के बाद वर्षा, ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी मानसून केरल नहीं पहुंचा है, उम्मीद की जा रही है कि यह जुलाई में कभी भी उत्तराखंड में दस्तक दे सकता है।