Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद, अगले पांच दिन मौसम रहेगा साफ

    By Raksha PanthariEdited By:
    Updated: Mon, 26 Aug 2019 08:54 PM (IST)

    उत्तराखंड में बारिश से कुछ राहत जरूर रही लेकिन चारधाम यात्रा मार्गों पर परेशानी बनी रही। भूस्खलन की वजह से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पूरे दिन बंद रहे।

    उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद, अगले पांच दिन मौसम रहेगा साफ

    देहरादून, जेएनएन। सोमवार को उत्तराखंड में बारिश से कुछ राहत जरूर रही, लेकिन चारधाम यात्रा मार्गों पर परेशानी बनी रही। भूस्खलन की वजह से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पूरे दिन बंद रहे, जबकि बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे दोपहर बाद खुल गए। वहीं, चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-सोबला-दारमा मार्ग दूसरे दिन भी यातायात के लिए नहीं खुला। राज्य मौसम केंद्र के अनुमान के मुताबिक अगले पांच दिन मौसम सामान्य बना रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रविवार की रात बारिश होने के कारण यमुनोत्री हाईवे सुबह उत्तरकाशी में हनुमान चट्टी में तीन घंटे बाधित रहा। दोपहर यहां पर यातायात सुचारु हुआ तो डाबरकोट में मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इसके मंगलवार सुबह तक ही खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। गंगोत्री हाईवे उत्तरकाशी के चुंगी बड़ेथी के पास दिन भर बंद रहा। इसके कारण यात्रियों व स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन ने मुख्य मार्ग बाधित होने के चलते यातायात मनेरा बाईपास से संचालित किया।

    यह भी पढ़ें: देहरादून और मसूरी में पांच डिग्री चढ़ा अधिकतम तापमान

    रुद्रप्रयाग में केदारनाथ जाने वाला गौरीकुंड हाईवे 18 घंटे बाद खुल गया। रविवार को मलबा आने के वजह से यह मार्ग जामू और बांसवाड़ा में बंद हो गया था। बांसवाड़ा तो बीती शाम खुल गया था, लेकिन जामू में यातायात दोपहर सुचारु किया जा सका। इससे पहले रविवार दोपहर भी 24 घंटे बाद यह मार्ग सुचारु हो पाया था। कुछ देर बाद ही फिर से अवरुद्ध हो गया था। 

    ऋषिकेश-बदरीनाथ हाइवे पर चमोली के लामबगड़ स्लाइड जोन मुसीबत का कारण बन गया है। लामबगड़ में पहाड़ी से मलबा व बोल्डर गिरने से हाईवे बार-बार अवरुद्ध हो रहा है। हालांकि, यात्रियों की पैदल रास्ते से ही जारी रह रही है। रविवार शाम से बंद इस हाईवे पर सुबह सवा नौ बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। 

    कुमाऊं में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त 

    कुमाऊं में बारिश के कारण जनजीवन अस्‍त व्‍यस्‍त है। रविवार रात से जगह-जगह हो रही बारिश के कारण पर्वतीय लोगों को खासी दिक्‍कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिथौरागढ़ जिले में मध्यम बारिश के चलते प्रमुख मार्ग प्रभावित नहीं हुए परंतु चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-सोबला-दारमा मार्ग दूसरे दिन भी यातायात के लिए नहीं खुला। जिले के दस ग्रामीण मार्ग अभी भी बंद है। काली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से थोड़ा नीचे बह रहा है। वहीं बागेश्‍वर में बारिश के चलते छह आशियाने ध्वस्त हो गए हैं।

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में आफत की बारिश, चारधाम यात्रा मार्ग पूरे दिन बाधित होता रहा यातायात