देहरादून में लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर वीडियो किया वायरल, जांच में जुटी पुलिस
बर्थडे पार्टी में दोस्त की लाइसेंसी पिस्तौल से हर्ष फायरिंग करने के मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने शस्त्र को कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस की ओर से लाइसेेंस के निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: बर्थडे पार्टी में दोस्त की लाइसेंसी पिस्तौल से हर्ष फायरिंग करने के मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने शस्त्र को कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस की ओर से लाइसेेंस के निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर हर्ष फायर करने का वीडियो वायरल हो रहा था। जांच में पता लगा कि जिस पिस्तौल से फायर हुआ है, वह नवीन जायसवाल निवासी चकशाह नगर की है। पूछताछ में सामने आया कि शनिवार को राहत साबरी निवासी टर्नर रोड का जन्मदिन था। इसी दौरान राहत साबरी ने नवीन जायसवाल के लाइसेंसी पिस्तौल से फायर किया।
11 ग्राम स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार
नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने 11 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच नंदा देवी विहार, बद्रीपुर में एक वाहन में तीन लोग बैठे दिखाई दिए। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 10.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपित बलविंदर सिंह निवासी एकतापुरम, सुखदीप सिंह निवासी दीपनगर और नरेश कुमार निवासी दीपनगर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घर से गोमांस बेच रहा एक आरोपित गिरफ्तार
भगवानपुर: घर से गोमांस बेच रहे एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 45 किलो गोमांस बरामद किया है। आरोपित ने यह गोमांस गांव के ही एक व्यक्ति से खरीदा था।
भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली थी खेलपुर गांव में एक ग्रामीण घर के अंदर गोमांस बेच रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने मकान पर छापा मारा। पुलिस ने मकान पर गोमांस बेच रहे ग्रामीण को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से करीब 45 किलो गोमांस बरामद किया है। आरोपित के कब्जे से चाकू और अन्य उपकरण मिले हैं। पकड़े गए आरोपित ने अपना नाम कमरेज बताया। थाना प्रभारी पीडी भट्ट के मुताबिक आरोपित ने बताया कि उसने गांव के ही एक गोवंश तस्कर से गोमांस खरीदा था। थाना प्रभारी भट्ट ने बताया कि पुलिस अब गोवंश तस्कर की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जानिए क्या है दून में सील संपत्ति बेचने का मामला, आठ आरोपित अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर