यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शत-प्रतिशत लक्ष्य को उत्तराखंड में घर-घर चलेगा वैक्सीनेशन अभियान, बढ़ाई जाएगी आरटीपीसीआर जांच
मंत्री धन सिंह रावत ने शत-प्रतिशत कोरोनारोधी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य 15 दिसंबर तक पूरा करने के लिए घर-घर जाकर ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डा धन सिंह रावत ने शत-प्रतिशत कोरोनारोधी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य 15 दिसंबर तक पूरा करने के लिए घर-घर जाकर वैक्सीनेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कैंपों की संख्या बढ़ाकर आरटीपीसीआर जांच भी बढ़ाई जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्रस्तावों को आगामी कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत ने मंगलवार को सचिवालय में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि की प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने के लिए टीमों का गठन कर उन्हें घर-घर भेजा जाए। घर-घर टीकाकरण अभियान की जिम्मेदारी सीएमओ के साथ ही मंडल स्तरीय निदेशक भी संभालेंगे। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ब्लाक व ग्राम स्तर पर जन प्रतिनिधियों से संपर्क कर टीकाकरण अभियान में भागीदारी निभाएंगे।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने फार्मासिस्टों का विभागीय ढांचा, एमबीबीएस के छात्रों का शुल्क कम करने, क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में संशोधन, नर्सिंग भर्ती सेवा नियमावली समेत अन्य प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने महानिदेशक स्वास्थ्य को विभाग में रिक्त अवर अभियंताओं और स्वच्छकारों के पद आउटसोर्सिंग के जरिये भरे जाने के लिए प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन अस्पतालों में एक्स रे और एमआरआई मशीनें हैं, वहां शीघ्र तकनीशियनों की भर्ती की जाए। बैठक में सचिव वित्त अमित नेगी, सचिव चिकित्सा शिक्षा डा. पंकज कुमार पांडेय, मिशन निदेशक एनएचएम तृप्ति बहुगुणा, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा सी रविशंकर व महानिदेशक स्वास्थ्य डा तृप्ति बहुगुणा उपस्थित थीं।
डा त्रिपाठी को निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाओं का जिम्मा
शासन ने निदेशक, गुरुकुल परिसर (उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय), हरिद्वार डा अरुण कुमार त्रिपाठी को निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाओं के पद पर तैनात किया है। सचिव आयुर्वेद एवं यूनानी चंद्रेश कुमार यादव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
