विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परदेस में हैं, लेकिन दिल आज भी उत्तराखंड के लिए धड़कता है

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:53 PM (IST)

देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडी अपनी मातृभूमि से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं और उसके विकास में योगदान देना ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो जागरण, देहरादून। शिक्षा, रोजगार, कारोबार और बेहतर भविष्य की तलाश में भले ही उत्तराखंड के तमाम लोग देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे हों, लेकिन उनके दिल में आज भी अपनी मातृभूमि के लिए वही प्रेम और अपनत्व है।

पहाड़ की माटी की खुशबू, गांव की पगडंडियां, घर-आंगन की याद और अपनों का साथ उन्हें अपनी जड़ों से जोड़े हुए हैं। सरहदें और दूरियां उनके कदमों को पहाड़ से दूर ले गईं, लेकिन दिल की धड़कन उत्तराखंड के लिए ही है।

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में यह भाव तब जीवंत हो उठा, जब देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रवासियों ने मातृभूमि के प्रति अपने प्रेम, जुड़ाव और उसके लिए कुछ कर गुजरने की कसक साझा की। प्रवासियों के लिए उत्तराखंड उनकी पहचान, संस्कृति और संस्कारों का आधार है।

दूर रहकर भी वे अपनी बोली-भाषा, रीति-रिवाज और लोक परंपराओं को संजोए हुए हैं। त्योहारों पर गांव की याद, अपनों से मिलने की चाह और पहाड़ के विकास में योगदान की इच्छा उनके मन में हमेशा बनी रहती है। सम्मेलन में प्रवासियों के इस भावनात्मक जुड़ाव की झलक देखने को मिली।

किसी के मन में गांव को फिर से आबाद करने का सपना है तो कोई पहाड़ के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना चाहता है। कोई शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देने को उत्सुक है तो कोई अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहा है।

इस क्रम में 30 प्रवासी पहले ही गांवों को गोद ले चुके हैं। प्रवासीजनों का मानना है कि जिस उत्तराखंड ने उन्हें पहचान दी, जिस मिट्टी ने उनके संस्कारों को आकार दिया, उसके प्रति उनका भी कुछ दायित्व है।

यही वजह है कि भले ही उनका वर्तमान किसी दूसरे शहर या देश में गुजर रहा हो, लेकिन भविष्य की योजनाओं में अपनी मातृभूमि के लिए जगह जरूर है। वे अपने अनुभव, संसाधन और सामर्थ्य के जरिये प्रदेश की तरक्की में भागीदार बनना चाहते हैं। दूर रहकर भी पहाड़ के लिए धड़कते दिलों ने एक बार फिर साबित किया कि अपनी जड़ों से जुड़ाव कभी खत्म नहीं होता।

120 साल पुराने पैतृक मकान को ठीक करवा रहे पंत

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में सचिव सुधांश पंत ने कहा कि उत्तराखंड उनकी कर्मभूमि न रह सकी हो, लेकिन जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है। कोई ऐसा दिन नहीं जब वह पैतृक गांव खितौली (पिथौरागढ़) के बारे में न सोचते हों।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने बीते वर्षों में तीव्र विकास किया है। उनके पैतृक गांव तक भी सड़क पहुंच गई है। वह अपना 120 साल पुराना पैतृक मकान ठीक करा रहे हैं। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय जन्मभूमि को समर्पित करेंगे।

हर छह माह में पैतृक गांव जाते हैं बिष्ट

दिल्ली विधानसभा में उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट कहते हैं कि वह हर छह माह में परिवार के साथ अपने गांव अजोली (अल्मोड़ा) जाना नहीं भूलते। वह जो कुछ भी हैं, उसके पीछे उनके पूर्वजों के साथ ही भगवान भोलेनाथ व गोल्ज्यू देवता का आर्शीवाद है। अब तो बहुत कुछ बदल गया है।

गांव में पानी, बिजली, सड़क समेत सुविधाएं हैं। उत्तराखंड हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। यहां के लोग देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने उप्र का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे बीच के व्यक्ति ने ही उप्र काे नई पहचान दी है।

प्रसून बोले, ये उत्तराखंड उदय है, उदय में लय है

प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि युवा पीढ़ी की अपनी बोली-भाषा पर भले ही उतनी पकड़ न हो, लेकिन उसके भीतर अपनी पहचान को लेकर पिछली पीढ़ी से अधिक आत्मविश्वास है। पहले उत्तराखंड के लोग जब तक आवश्यक न हो, अपनी पहचान जाहिर नहीं करते थे, लेकिन अब वे गर्व से कहते हैं कि हम उत्तराखंडी है।

उन्होंने उत्तराखंड की लोक विरासत, श्रुत परंपरा को भी रेखांकित किया और कहा कि हमारी संस्कृति की तासीर ओंस की बूंद की तरह है, इसे संभलकर सहेजने की जरूरत है। उन्होंने ‘ये उत्तराखंड का उदय है, उदय में लय है, ये मस्तक का गर्व है, यहां न कोई भय है...’ गीत के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा काे उकेरा।

पहाड़ को अपने भीतर बचाए रखता है पहाड़ का व्यक्ति

देहरादून निवासी फिल्म अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोग जितने सरल होते हैं, उनके भीतर जीवटता भी उतनी ही भरी होती है। पहाड़ का व्यक्ति विश्व में कहीं भी रहे, वो अपने भीतर पहाड़ को हमेशा बचाए रखता है।

पहाड़ में युवा प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और वे हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैँ। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को स्टार्टअप से जोड़ने पर भी बल दिया।

हमें गर्व की उत्तराखंड हमारी जन्मभूमि है

मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी अभिनेत्री रुप दुर्गापाल ने कहा कि हम कहीं भी रहें, लेकिन हमारें जड़ें तो पहाड़ में ही हैं। जब भी समय मिलता है वह अल्मोड़ा की वादियों में चली आती हैं। हमे इस बात का गर्व है कि हमारी जन्मभूमि उत्तराखंड है।

यह भी पढ़ें- आशारोड़ी मोहकमपुर एलिवेटेड रोड: देहरादून के 179 मकानों पर खतरा! NHAI पर उठाए सवाल

यह भी पढ़ें- तमगों की खनक में भी पुराने कचरे की कसक, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ में सर्वाधिक कचरा... देहरादून और हरिद्वार में सबसे बड़ा बैकलाग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।