करवाचौथ पर उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, आज 10 जिलों में बारिश-आंधी-बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने करवाचौथ पर उत्तराखंड में मौसम बदलने के आसार जताए हैं, दस जिलों में आंधी-बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है।

File Photo.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में करवाचौथ पर मौसम का मिजाज बदल गया। राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहे। वहीं श्रीनगर और कोटद्वार में बारिश हुई।
मौसम विभाग ने गुरुवार को आंशिक बादलों के बीच प्रदेश के दस जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की थी। वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई थी। इससे तापमान में गिरावट आने और मौसम में ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में वृद्धि हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। हालांकि, चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के असर के बीच मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। नैनीताल समेत इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- Weather Update: जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी, कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार; जानें मौसम का ताजा अपडेट
यह भी पढ़ें- Himachal Weather 29th October: हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम, 6 जिलों में बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट
