यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand के इस शहर में पड़ रही सबसे ज्यादा गर्मी... तोड़े सारे रिकॉर्ड, पहली बार पारा @43.2
Uttarakhand Weather शुक्रवार को पूरे प्रदेश में देहरादून सiबसे गर्म शहर रहा। देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान पहली बार 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2012 में 30 मई को दर्ज किया गया अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस आल टाइम हाई था। पहली बार मई में 10 दिन दून का अधिकतम पारा 40 के पार रहा।

HighLights
- पिछले तीन दिन से दून में पारा चरम पर, लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित
जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather: दून में भीषण गर्मी और तापमान ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान पहली बार 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2012 में 30 मई को दर्ज किया गया अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस आल टाइम हाई था। इसके अलावा दून का तापमान किसी भी साल 43 डिग्री सेल्सियस नहीं गया।
वहीं शुक्रवार को पूरे प्रदेश में देहरादून सबसे गर्म शहर रहा। आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़ों से पिछले एक सप्ताह से दूनवासी बेहाल हैं। सप्ताहभर में दून के अधिकतम तापमान में साढ़े चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा बीते छह दिनों से लगातार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। पहली बार मई में 10 दिन दून का अधिकतम पारा 40 के पार रहा।
गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए
उत्तराखंड में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पहाड़ से मैदान तक आसमान से आग बरस रही है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में लू के थपेड़ों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। तमाम मैदानी क्षेत्रों में पारा 40 से 43 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। दून में इस माह दो बार अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अगले दो दिन भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने से लेकर आंशिक बादल छाने के आसार हैं। मैदानों में कहीं-कहीं लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आसपास के निचले इलाकोंं में आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दून में सप्ताहभर में अधिकतम पारा
- दिन, तापमान
- 31 मई, 43.2
- 30 मई, 42.8
- 29 मई, 43.0
- 28 मई, 40.6
- 27 मई, 40.4
- 26 मई, 40.2
- 25 मई, 38.9
शुक्रवार को प्रमुख शहरों का तापमान
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 43.2, 25.4
- ऊधमसिंह नगर, 42.1, 24.1
- मुक्तेश्वर, 30.6, 13.5
- नई टिहरी, 30.6, 15.1