Uttarakhand Weather: नौतपा में तपेगी देवभूमि, सप्ताहभर राहत की उम्मीद कम; 40 पार पहुंच सकता है पारा
Uttarakhand Weather साल के सबसे गर्म नौ दिन जिन्हें नौतपा कहा जाता है। इस साल ये 25 मई से शुरू हो गए हैं और दो जून तक रहेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने अनुसार 25 मई से दो जून तक तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर जा सकता है। नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पढ़ने से प्रचंड गर्मी पड़ती है।
जागरण संवाददाता, देहरादून : Uttarakhand Weather: फिलहाल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।
मैदानी क्षेत्र दून, हरिद्वार, रुड़की और उधमसिंह नगर में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने अनुसार 25 मई से दो जून तक तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर जा सकता है।
उमस ने किया बेहाल
शनिवार सुबह करीब सात बजे से नौ बजे तक हल्के बादल छाये रहने से चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन उमस ने बेहाल किया। करीब 11 बजे शहर के कई क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से गर्मी ने बेहाल करना शुरू कर दिया। दोपहर ढ़ाई बजे देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 25.2 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 25.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
टिहरी का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान चौखुटिया में 42 मिमी, नैनीताल में 25 मिमी, टिहरी में 12 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, वमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुमाऊं क्षेत्र में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवा चलने की यलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में आमतौर पर आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं मौसम शुष्क रहेगा।
आज से नौतपा शुरू हो गया
साल के सबसे गर्म नौ दिन, जिन्हें नौतपा कहा जाता है। इस साल ये 25 मई से शुरू हो गए हैं और दो जून तक रहेंगे। नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पढ़ने से प्रचंड गर्मी पड़ती है। ऐसे में दोपहर के समय घर से बाहर कम ही निकलने की सलाह दी जाती है।