Move to Jagran APP

Uttarakhand Weather: 12 साल में पहली बार देहरादून में पारा @41, प्रचंड गर्मी से लोग बेचैन; पढ़ें आज कैसा रहेगा मौसम?

Uttarakhand Weather शनिवार को दून का तापमान 12 साल बाद सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2012 में मई महीने का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने अनुसार आने वाले सप्ताह में मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक पहुंच सकता है।

By Ashok Kumar Edited By: Nirmala Bohra Sun, 19 May 2024 07:42 AM (IST)
Uttarakhand Weather: 12 साल में पहली बार देहरादून में पारा @41, प्रचंड गर्मी से लोग बेचैन; पढ़ें आज कैसा रहेगा मौसम?
Uttarakhand Weather: वर्ष 2012 में मई महीने में 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था दून का तापमान

जागरण संवाददाता, देहरादून : Uttarakhand Weather: दून में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। न दिन में चैन मिल रहा है, न रात को सुकून। धूप ऐसी कि तन को झुलसा दे। पेड़ों की छाया में गर्म हवा के थपेड़े राहत की सांस नहीं लेने दे रहे हैं।

शनिवार को दून का तापमान 12 साल बाद सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2012 में मई महीने का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

भीषण गर्मी ने आमजन बेहाल हैं। दून का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 23.9 डिग्री सेल्सियस रहने से रात के समय भी गर्मी परेशान कर रही है।

सुबह आठ बजे ही दून का तापमान 34.9 डिग्री

शनिवार को सुबह आठ बजे ही दून का तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोपहर 12 बजे तापमान बढ़कर 39.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। दोपहर ढाई बजे तापमान 41.0 डिग्री पर पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण राहगीर छाया में रुककर गर्मी से बचते देखे गए।

इससे पहले शुक्रवार को भी दून का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दून के भीड़ भरे बाजार आइएसबीटी, कारगी चौक, घंटाघर, चकराता रोड, आशारोड़ी, झाझरा आदि क्षेत्र में गर्मी अधिक महसूस की जा रही है। जबकि एफआरआइ, बिधौली, कंडोली, गढ़ीकैट व मालदेवता क्षेत्र में अन्य स्थानों के मुकाबले एक से दो डिग्री तापमान कम है।

दून के साथ-साथ ऊधमसिंह नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 41.0 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच अधिक 29.7 .डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.0 .डिग्री सेल्सियस रहा।

मैदानी क्षेत्रों में लू का अलर्ट, पहाड़ में हो सकती वर्षा

प्रदेशभर के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने अनुसार, आने वाले सप्ताह में मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक पहुंच सकता है।

शनिवार को देहरादून, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार में लू चल सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा व टिहरी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने का अनुमान है। आमतौर पर मौसम शुष्क बना रहेगा।