Uttarakhand Weather: मैदानों में उमस और पहाड़ों में बौछार, सावधान! आज पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में पहाड़ों पर रुक-रुककर वर्षा और मैदानों में उमस भरी गर्मी का दौर जारी है, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला-बदला है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां रुक-रुककर वर्षा और बौछारों का दौर जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में चटख धूप निकलने से उमसभरी गर्मी बढ़ गई है।
देहरादून में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप रही, जिससे तापमान में उछाल दर्ज किया गया। शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और बादल घिरने के साथ तेज बौछार पड़ी। झमाझम वर्षा से तापमान में गिरावट आई और रात को मौसम सुहाना हो गया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारी बारिश का कहर: बेली ब्रिज बहा, काली नदी पर बनी झील... अलर्ट जारी
तीन से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ गया तापमान
मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी प्रकार बना रहने के आसार हैं। दिन में धूप और उमस के बाद शाम या रात में वर्षा होने से तापमान में राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- तेज बारिश में नोएडा एयरपोर्ट के फोरकोर्ट में पहुंचा पानी, अलर्ट कर्मचारियों ने नहीं होने दिया जलभराव
विभाग ने सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
