विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेज बारिश में नोएडा एयरपोर्ट के फोरकोर्ट में पहुंचा पानी, अलर्ट कर्मचारियों ने नहीं होने दिया जलभराव

Published: Fri, 11 Sep 2026 10:48 PM (IST)

जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर हुई तेज वर्षा के कारण फोरकोर्ट और अंडरपास में पानी पहुंच गया। ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तेज वर्षा के बाद पहुंचे पानी का तत्परता से हटाते कर्मचारी। जागरण

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तेज वर्षा के बाद पहुंचे पानी का तत्परता से हटाते कर्मचारी। जागरण

HighLights

  1. तेज वर्षा से नोएडा एयरपोर्ट के फोरकोर्ट में पानी पहुंचा।

  2. प्रबंधन की तत्परता से जलभराव को सफलतापूर्वक रोका गया।

  3. यात्रियों की आवाजाही अप्रभावित रही, कोई बड़ी बाधा नहीं।

जागरण संवाददाता, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के फोरकोर्ट एरिया में शुक्रवार दोपहर हुई तेज और तिरछी वर्षा के कारण पानी पहुंच गया। फोरकोर्ट से पार्किंग की ओर जाने वाले अंडरपास में भी पानी पहुंचने लगा। पैदल यात्रियों के लिए गंगा घाट जैसी दिखने वाली बनी सीढ़ियों से होता हुआ अंडरपास की तरफ बढ़ने लगा।

सीढ़ियों पर पानी की वजह से फिसलन बढ़ती देख कुछ देर के लिए उन्हें बंद कर यात्रियों की स्वचलित सीढ़ियों से पार्किंग की तरफ आवाजाही सुचारू रखी गई। स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने कर्मचारियों को पानी को आगे बढ़ने से रोकने और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगा दिया।

मशीनों व कर्मियों की मदद से पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। जिससे एयरपोर्ट आने जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

लगातार निगरानी से नहीं हुआ जलभराव

शुक्रवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अचानक तेज वर्षा शुरू हो गई। हवा के साथ तिरछी वर्षा का पानी फोरकोर्ट एरिया में पहुंचने के बाद अंडरपास की ओर बढ़ने लगा। उधर पार्किंग की तरफ बने ढलान से भी अंडरपास तक पानी आने लगा।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए पहले से तैनात कर्मचारियों की टीम को तत्काल मौके पर लगा। कर्मचारियों ने जलभराव होने का इंतजार करने के बजाय बहकर पहुंच रहे पानी की निकासी शुरू कर दी। लगातार निगरानी और समय रहते पानी की निकासी किए जाने से अंडरपास में जलभराव की स्थिति पैदा नहीं हो सकी।

जिससे कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई। गौरतलब है कि अगस्त में हुई तेज वर्षा के दौरान फोरकोर्ट और पार्किंग के बीच अंडरपास में पानी भर गया था। इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने और वर्षा के दौरान निगरानी बढ़ाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए थे।

सतर्क दिखे कर्मचारी

शुक्रवार को तेज वर्षा के दौरान इन इंतजामों के साथ कर्मचारियों की सक्रियता भी नजर आई। वर्षा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सीढ़ियों वाले रास्ते को कुछ समय के लिए बंद रखा गया।

वहीं, कर्मचारियों की टीम फोरकोर्ट, अंडरपास और पार्किंग क्षेत्र में लगातार पानी की निगरानी करती रही। समय रहते पानी हटाए जाने से टर्मिनल क्षेत्र में जलभराव नहीं हुआ और यात्रियों की आवाजाही भी ज्यादा प्रभावित नहीं हुई।

यापल के जनसंपर्क विभाग से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका पक्ष नहीं मिला।

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट पर तेज बारिश बनी आफत, लखनऊ-जयपुर की उड़ानें रद; जोधपुर फ्लाइट भी हुई लेट

यह भी पढ़ें- नोएडा-गाजियाबाद से शुरू होगी यूपी की पहली एग्रीगेटर सेवा, दिल्ली-NCR में उतरेंगी 2500 EV;10000 तक बढ़ेगा फ्लीट