Uttarakhand Weather: आज पहाड़ों पर बर्फबारी और 7 जिलों में हल्की बारिश, दिन में धूप से चढ़ा तापमान
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है, जहां मैदानी इलाकों में तेज धूप और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather: फाइल फोटो।
HighLights
मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप, दिन का तापमान बढ़ा।
पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा, ऊंचाई पर बर्फबारी संभव।
देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़ सहित सात जिलों में वर्षा।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम ठंडक बढ़ने लगी है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे तक बागेश्वर में कोहरा छाया हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं पिथौरागढ़ में बीते कुछ दिनों बाद मंगलवार को आसमान साफ है धूप खिली है।
सात पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
प्रदेश के 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। इसके विपरीत, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और अन्य शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार का रहने का अनुमान
मैदानी इलाकों में धूप निकलने से दिन के समय गर्मी का अहसास बना रह सकता है, जबकि सुबह और शाम के तापमान में गिरावट से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 30.3, 16.8
- पंतनगर, 31.4, 20.7
- मुक्तेश्वर, 20.4, 10.0
- नई टिहरी, 21.8, 8.0
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है और मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की स्थिति अलग-अलग बनी रह सकती है।
