उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, देहरादून में झमाझम बारिश के साथ आठ जिलों में यलो अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है, दून समेत कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई है। आज ...और पढ़ें

सहस्रधारा रोड में 50 मिमी वर्षा, मालदेवता और मसूरी में भी जमकर बरसे बादल। जागरण
HighLights
आठ जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र वर्षा का यलो अलर्ट।
देहरादून में झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड में मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा के दौर हो रहे हैं। दून समेत आसपास के क्षेत्रों में झमाझम वर्षा के दौर हुए। जिससे पारे में भी गिरावट आई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के आठ जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं चलने और तीव्र बौछारों को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून में मंगलवार को सुबह से ही बादलों का डेरा रहा और शहर के कई हिस्सों में बारिश के दौर चले। सहस्रधारा रोड क्षेत्र में सर्वाधिक 47 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मालदेवता और मसूरी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हुई। शाम के समय देहरादून में एक बार फिर घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई।
मौसम में आए इस बदलाव के बीच तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। बुधवार को भी दून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए उत्तराखंड के अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें- धामी सरकार का बड़ा फैसला, अर्धकुंभ और आपदा प्रभावितों के लिए 4 करोड़ से अधिक की राहत राशि मंजूर
इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के सभी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में, विशेषकर 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इसी प्रकार बना रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशनों पर कचरा अब नहीं बनेगा सिरदर्द, देश के 15 स्टेशन बनेंगे 'मॉडल'; ऐसे बदलेगी व्यवस्था
