Uttarakhand Weather: फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड; दून-नैनीताल में आज बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलेगा। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हल्की ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather: मौसम की फाइल फोटो।
HighLights
उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलेगा।
पहाड़ों और मैदानों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से ठंड बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव से पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत कुछ मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पहाड़ों में गिरेगा तापमान, चोटियों पर हिमपात से सर्द हवाएं लेंगी परीक्षा
वहीं, गुरुवार को गढ़वाल मंडल और शुक्रवार को कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भी वर्षा के आसार हैं। उन्होंने बताया कि आज 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद दो दिन 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 31.6, 17.7
- पंतनगर, 33.0, 18.0
- मुक्तेश्वर, 19.6, 12.2
- नई टिहरी, 23.6, 9.6
देहरादून समेत नौ जिलों में हल्की वर्षा और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है। प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
