विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड मौसमः सोमवार को कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना

Published: Sun, 11 Oct 2026 09:06 PM (IST)

उत्तराखंड में हिमालयी क्षेत्रों, जैसे केदारनाथ और बदरीनाथ, में बर्फबारी हुई है, जबकि निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. केदारनाथ, बदरीनाथ सहित ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी।

  2. देहरादून समेत निचले इलाकों में तेज बारिश से बढ़ी ठंड।

  3. तापमान में गिरावट दर्ज, चारधाम यात्रा सुचारु जारी।

जागरण संवाददाता, देहरादून। अलर्ट के बीच रविवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली तो तेज हवाओं के बीच वर्षा का क्रम शुरू हो गया। पर्वतीय क्षेत्रों में चारों धामों सहित ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम वर्षा शुरू हो गई।

केदारनाथ, बदरीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब से लगी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हुई। वर्षा के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में ठंड में इजाफा हो गया। इसका असर यात्रियों की संख्या पर भी पड़ा है। हालांकि चारधाम यात्रा सुचारु है।

तीन दिन से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के कारण पहाड़ों में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया था।

तेज बारिश व बर्फबारी से ठिठुरन बढ़ गई है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून समेत कुछ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।

हालांकि, प्रदेश के शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और नई टिहरी में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

कई क्षेत्रों में हुई बारिश

रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक देहरादून में 6.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान लक्सर में 26.5 मिलीमीटर, खानपुर में 25 मिलीमीटर, यमकेश्वर में 16.5 मिलीमीटर और हरिद्वार में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। धनोल्टी में 14.5 मिलीमीटर तथा लैंसडौन में 13.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से सामान्य के आसपास रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड मौसम अपडेट: पर्वतीय क्षेत्रों में बौछारें, ऊंचाई पर हल्के हिमपात की संभावना

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड मौसम: देहरादून में दिन का पारा बढ़ा, रातें होंगी ठंडी