नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों के पास वोटर बनने का अभी भी मौका, लिस्ट में देखें अपना नाम
भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए नागरिकों को अवसर दिया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए नागरिकों के पास अभी भी मतदाता बनने का अवसर है।
भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत ऐसे लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए आयोग अब बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगा।
बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से लोगों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मतदान केंद्रों पर शिविर लगाकर दावे और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी।
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी इस प्रक्रिया में करेंगे सहयोग
प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और समावेशी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इस दौरान उन नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।
इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते और अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर भी संशोधन कराया जा सकेगा। निर्वाचन आयोग की योजना है कि बीएलओ के माध्यम से प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र में पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाई जाए। वहीं, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाले शिविरों में नागरिकों को निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ आवेदन भरने में सहायता दी जाएगी। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे इस अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
इसके लिए निर्धारित प्रपत्र छह के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आपत्ति के लिए फार्म सात और नाम व पता बदलने के लिए फार्म आठ पर आवेदन किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।