मतदाता सूची अभियान में बूथों पर दिखी सियासी तस्वीर: भाजपा के बीएलए सक्रिय, विपक्ष की गैरमौजूदगी पर चर्चा
मुरादाबाद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची शिविरों में भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय दिखे, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि कुछ बूथों पर ही मौजूद रहे। बसपा और कांग्रेस के बीएलए अधिकतर स्थानों पर नदारद रहे।

एआई इमेज
HighLights
विशेष अभियान में अधिकतर बूथों पर मिले भाजपा के बीएलए
कहीं तीन घंटे में सात तो कहीं एक दिन में 85 फार्म जमा हुए
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। देशभर में वोट चोरी के आरोपों को लेकर सियासत गरम है। कांग्रेस सड़क से चुनाव आयोग तक सवाल उठा रही है, जबकि समाजवादी पार्टी भी मतदाता सूची की निष्पक्षता पर सवाल कर रही है। लेकिन शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत लगाए गए शिविरों में राजनीतिक दलों की बूथ स्तर पर सक्रियता की तस्वीर अलग दिखी।
अधिकतर जगह भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) मौजूद रहे। सपा के प्रतिनिधि कुछ बूथों पर दिखे, जबकि बसपा और कांग्रेस के बीएलए अधिकतर स्थानों पर नहीं पहुंच पाए।
बूथों पर बीएलओ ने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-छह, नाम हटाने के लिए फार्म-सात और नाम या विवरण में संशोधन के लिए फार्म-आठ भरवाए। तहसील स्कूल बूथ पर अभियान की रफ्तार धीमी रही। यहां सात बीएलओ और सुपरवाइजर कौसर अली की ड्यूटी थी।
फीलखाना और कोहना मुगलपुरा क्षेत्र के मतदाताओं के फार्म भरवाए जा रहे थे। सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक फार्म-छह और आठ के कुल सात आवेदन आए। नई सड़क की उजमा नाम में गलती ठीक कराने पहुंचीं, जबकि कोहना मुगलपुरा के राहिल मिर्जा ने नया वोट बनवाने के लिए फार्म भरा।
बीएलए नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने, गलत प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने और छूटे पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने में मदद कर सकते हैं। इसके बावजूद कई बूथों पर उनकी गैरमौजूदगी रही। खासकर कांग्रेस और बसपा के प्रतिनिधियों का नहीं पहुंचना चर्चा में रहा।
वोट चोरी के मुद्दे पर आंदोलन कर रही कांग्रेस की बूथ स्तर पर निगरानी कमजोर दिखी। मुफ्ती टोला लाकड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय के छह बूथों पर युवाओं की आवाजाही रही और पहले दिन करीब 85 आवेदन जमा हुए।
बीएलओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-छह भरवाए जा रहे हैं। यहां भाजपा के बीएलए हेमंत शर्मा, जितेंद्र कुमार और नरेंद्र सिंह सक्रिय थे।
अन्य दलों का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा। बीएलओ अशोक कुमार सिंह, आलोक कुमार रस्तोगी, इंदु भारद्वाज और गीता आर्या भी मौजूद रहीं। महाराजा अग्रवाल इंटर कालेज में बूथ संख्या 220 से 224 तक सपा के बीएलए वीरेंद्र प्रसाद मौजूद थे।
भाजपा, बसपा और कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा। पांच बूथों पर फार्म-छह के 10 आवेदन आए। सोनकपुर स्टेडियम में सात फार्म जमा हुए—पांच फार्म-आठ और दो फार्म-छह। बूथ संख्या 262 के बीएलए अखिल पहुंचे। बीएलओ लव कुमार और विजेता भी मौजूद रहीं।
समाज कल्याण में किसी दल का बीएलए नहीं पहुंचा
समाज कल्याण विभाग के पास स्थित जूनियर हाईस्कूल के बूथ संख्या 332 से 340 तक फार्म-छह के 20, फार्म-सात के छह और फार्म-आठ के तीन आवेदन जमा हुए यहां भी किसी दल का बीएलए निगरानी के लिए नहीं पहुंचा।
कंपोजिट विद्यालय दांग परिसर के 27 ग्रामीण बूथों पर आठ फार्म जमा हुए। बूथ संख्या 305 पर रचना सिंह, 306 पर इल्मा खान, 307 पर असमा नईम और 308 पर नमिता गुप्ता ने 15 लोगों के नामों में सुधार कराया।
नमिता गुप्ता ने बताया कि नाम ठीक कराने कम लोग पहुंच रहे हैं और नए मतदाताओं में अधिकतर युवा आनलाइन आवेदन करते हैं। केसीएम स्कूल के तीन बूथों पर बीएलओ अर्जुन सिंह, रश्मि चौधरी और रेनू पाठक मौजूद थे, लेकिन किसी दल का बीएलए नहीं आया। यहां फार्म-छह के पांच, फार्म-सात का एक और फार्म-आठ के दो आवेदन आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।