दिल्ली-मुरादाबाद और आगरा जाने वाले ध्यान दें: गंगा स्नान के चलते दोपहर 12 बजे से बदल गए रास्ते
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए संभल में आज दोपहर से भारी और शाम से हल्के वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था 24 नवंबर तक लागू रहेगी, जिससे मुरादाबाद, दिल्ली, बदायूं, अलीगढ़ और आगरा जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।

एआई इमेज
HighLights
मुरादाबाद, दिल्ली, बदायूं, अलीगढ़ और आगरा जाने वाले वाहनों के लिए तय किए वैकल्पिक रास्ते
संवाद सहयोगी, संभल। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शनिवार को जिले में दोपहर 12 बजे से भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा, जबकि शाम छह बजे से हल्के वाहनों पर भी डायवर्जन लागू होगा। यह व्यवस्था 24 नवंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
इस दौरान मुरादाबाद, दिल्ली, बदायूं, अलीगढ़ और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 14 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए हैं।
कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य गंगा स्नान 24 नवंबर को होगा। जिले में राजघाट, साधुबनी, हरिबाबा धाम और सिसौना टांडा में गंगा किनारे मेले का आयोजन होगा।
यहां संभल के अलावा आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तथा दूसरे जनपदों से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचेंगे। इसके अलावा अमरोहा के तिगरी, बुलंदशहर के अनूपशहर और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में भी गंगा मेले का आयोजन होगा।
इन आयोजनों के चलते संबंधित जनपदों में भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इसी को देखते हुए संभल पुलिस ने भी रूट प्लान जारी किया है।
मुरादाबाद से संभल होकर दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चौधरी सराय चौराहा से खिरनी कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे और हापुड़ होकर जाएंगे। वहीं, मुरादाबाद से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहन सिम्स कालेज बाइपास से लहरावन कट होते हुए एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे।
बदायूं से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है। मुरादाबाद और बदायूं से अलीगढ़ व आगरा जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, धनारी, इंद्रा चौक बबराला और नरौरा पुल के रास्ते निकाला जाएगा।
इस्लामनगर से बहजोई होकर अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा। जबकि दिल्ली से संभल आने वाले वाहन खिरनी कट से उतरेंगे।
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहन लहरावन कट से चंदौसी-बिलारी होकर जाएंगे। दिल्ली से चंदौसी और बहजोई आने वाले वाहनों के लिए भी लहरावन कट निर्धारित किया गया है।
चार प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की नो एंट्री
चौधरी सराय चौराहा से सैदनगली-हसनपुर-गजरौला मार्ग, केसरपुर तिराहा से अनूपशहर टी-प्वाइंट, इंद्रा चौक बबराला से जिंजौड़ा टांडा होते हुए टी-प्वाइंट चौकी और संभल से जोया मार्ग पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
नरौरा पुल से चंदौसी, संभल और मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को नेहरू चौक गुन्नौर और नूरपुर तिराहा से निकाला जाएगा। बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ जाने वाले वाहन गुन्नौर से बदायूं होकर जाएंगे।
यह भी पढ़ें- संभल में गरमाया माहौल: सपा सांसद बर्क के विरोध के बीच बुर्का पहनकर 'हरिहर मंदिर पदयात्रा' में शामिल होंगी तमन्ना मलिक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।