संभल में गरमाया माहौल: सपा सांसद बर्क के विरोध के बीच बुर्का पहनकर 'हरिहर मंदिर पदयात्रा' में शामिल होंगी तमन्ना मलिक
बुर्के में कांवड़ यात्रा कर चुकीं तमन्ना मलिक ने 19 नवंबर को संभल में हरिहर मंदिर पदयात्रा में बुर्का पहनकर ...और पढ़ें

पति अमन त्यागी के साथ तमन्ना मलिक
HighLights
तमन्ना बोलीं- हमेशा बुर्के में ही करती हूं यात्राएं, हरिहर मंदिर की पदयात्रा में भी इसी वेशभूषा में रहूंगी
जागरण संवाददाता, संभल। 19 नवंबर को प्रस्तावित हरिहर मंदिर पदयात्रा को लेकर माहौन गरमाने लगा है। इसी बीच बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वालीं असमोली के गांव बदनपुर बसई निवासी तमन्ना मलिक ने भी इस पदयात्रा में शामिल होने का एलान कर दिया है। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हमेशा बुर्के में ही धार्मिक यात्राएं करती हैं और 19 नवंबर को भी बुर्का पहनकर ही पदयात्रा में शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में आयोजकों के संपर्क में हैं। उनके पति अमन त्यागी ने भी इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर पदयात्रा में शामिल होने की बात कही है।
साथ ही अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने का आह्वान किया है। तमन्ना मलिक इससे पहले सावन में बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लाने के बाद चर्चा में आई थीं। उनके इस कदम का विरोध भी हुआ था।
उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद असमोली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद फाल्गुन मास की कांवड़ यात्रा में भी तमन्ना ने हरिद्वार से गंगाजल लाकर गाजियाबाद में जलाभिषेक किया था।
अब हरिहर मंदिर पदयात्रा में बुर्का पहनकर शामिल होने के उनके एलान ने उन्हें फिर चर्चा में ला दिया है। उधर, पदयात्रा को लेकर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कड़ा विरोध जताया है।
वह पदयात्रा निकालने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि संवेदनशील धार्मिक विवाद से जुड़े इस तरह के आयोजन से माहौल प्रभावित हो सकता है।
वहीं, तमन्ना मलिक के पदयात्रा में शामिल होने के एलान ने इस घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। एक ओर पदयात्रा को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं तो दूसरी ओर तमन्ना ने इसमें शामिल होने की तैयारी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि कैला देवी धाम के महंत ऋषिराजगिरी ने 19 नवंबर को हरिहर मंदिर मुक्ति अभियान के तहत पदयात्रा निकालने की घोषणा की है।इसके लिए गांवों में जनसंपर्क भी किया जा रहा है। सीओ असमोली अमन सिंह ने बताया कि इस प्रकरण की जानकारी करेंगे। अनुमति देखी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।