उत्तराखंड में ड्रोन और AI बताएंगे कहां हो रहा अवैध खनन और परिवहन, विकसित होगी रिमोट सेंसिंग निगरानी प्रणाली
उत्तराखंड में अवैध और अत्यधिक खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अत्याधुनिक रिमोट सेंसिंग निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। इसमें ड्रोन, थर्मल कैमरे, डीजीपीएस सर्वे और एआई आधारित वेब-जीआईएस पोर्टल का उपयोग कर खनन क्षेत्रों की चौबीस घंटे निगरानी की जाएगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अवैध खनन पर अंकुश लगाने को रिमोट सेंसिंग प्रणाली।
ड्रोन, एआई, डीजीपीएस से 24 घंटे होगी निगरानी।
खनन पट्टों की सीमाओं का डीजीपीएस सर्वे होगा।
विकास गुसाईं, देहरादून। उत्तराखंड में खनन गतिविधियों पर निगरानी अब अत्याधुनिक तकनीक से होगी। अवैध और निर्धारित सीमा से अधिक खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रिमोट सेंसिंग आधारित निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है।
इसके तहत ड्रोन, थर्मल कैमरों, डिफ्रेंशियल ग्लोबल पोजिस्निंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे और एआई आधारित वेब-जीआईएस पोर्टल की मदद से खनन क्षेत्रों की चौबीस घंटे निगरानी की जाएगी। इससे खनन पट्टों की सीमाओं से लेकर अति-खनन और रायल्टी संग्रह तक की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा।
प्रदेश में खनन राजस्व का एक प्रमुख जरिया है। सरकार हर वर्ष राजस्व लक्ष्य को बढ़ा रही है। इसके लिए अवैध खनन के साथ ही सुरक्षित खनन करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अब ड्रोन व अन्य आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। इस क्रम में भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, आईटीआई लिमिटेड के साथ परियोजना पर काम कर रहा है।
परियोजना के अंतर्गत देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में चार स्थानों पर ड्रोन (यूएवी) इकाइयां तैनात की जाएंगी। ये इकाइयां रिमोट सेंसिंग और थर्मल कैमरों के माध्यम से दिन-रात खनन गतिविधियों की निगरानी करेंगी।
900 स्थानों पर होगा डीजीपीएस सर्वे
खनन पट्टों की सीमाओं को डिजिटल स्वरूप देने के लिए प्रदेशभर में लगभग 900 स्थानों पर डीजीपीएस सर्वे किया जाएगा। इन स्थानों पर स्थायी सीसी पिलर स्थापित कर पट्टों की सीमाओं को चिह्नित किया जाएगा। इससे वास्तविक खनन क्षेत्र और स्वीकृत सीमा की सटीक पहचान संभव होगी।
अति-खनन पर मिलेगा अलर्ट
परियोजना के तहत एआई आधारित वेब-जीआईएस पोर्टल और मोबाइल एप विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से खनन क्षेत्रों में होने वाले बदलाव का पता लगाया जा सकेगा। निर्धारित सीमा से अधिक खनन होने पर प्रणाली स्वत: अलर्ट जारी करेगी।
साथ ही रायल्टी संग्रह की प्रक्रिया को भी पारदर्शी और साक्ष्य आधारित बनाने में मदद मिलेगी। निदेशालय के अनुसार तकनीक आधारित यह व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत एवं वैज्ञानिक खनन प्रबंधन को मजबूत करेगी।
प्रदेश में अवैध खनन व अवैध परिवहन पर सख्ती की जा रही है। इसके लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। -राजपाल लेघा, निदेशक खनन।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में स्कूल मानक प्राधिकरण में निजी स्कूलों का ऑडिट अनिवार्य, फीस-दाखिले की धनराशि का देना होगा ब्योरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।