विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में स्कूल मानक प्राधिकरण में निजी स्कूलों का ऑडिट अनिवार्य, फीस-दाखिले की धनराशि का देना होगा ब्योरा

Published: Sun, 23 Aug 2026 12:53 AM (IST)Updated: Sun, 23 Aug 2026 06:10 AM (IST)

उत्तराखंड में स्कूल मानक प्राधिकरण (SSSA) के गठन की तैयारी तेज हो गई है, जिसके तहत निजी स्कूलों के लिए अपनी फीस और दाखिले की धनराशि का ऑडिट अनिवार्य होगा।

स्कूल मानक प्राधिकरण में निजी स्कूलों को ऑडिट अनिवार्य।

स्कूल मानक प्राधिकरण में निजी स्कूलों को ऑडिट अनिवार्य।

HighLights

  1. SSSA गठन की तैयारी, निजी स्कूलों का ऑडिट अनिवार्य।

  2. फीस और दाखिले की धनराशि का पूरा ब्योरा देना होगा।

  3. NEP-2020 के तहत शिक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

अशोक केडियाल, देहरादून। सरकारी और निजी स्कूलों के बीच बढ़ती खाई, सरकारी शिक्षा के प्रति घटते विश्वास और महंगी होती शिक्षा के समाधान के लिए राज्य में स्कूल मानक प्राधिकरण (एसएसएसए) के गठन की तैयारी तेज हो गई है।

एससीईआरटी की ओर से शासन को सौंपे गए प्रस्ताव के अनुसार सरकारी और निजी स्कूलों को प्रत्येक वर्ष अपनी वित्तीय ब्योरे से संबंधित आडिट रिपोर्ट जमा करना अनिवार्य होगा।

प्रदेश के 5,352 निजी स्कूलों को फीस और दाखिले से प्राप्त धनराशि के उपयोग का पूरा ब्योरा देना होगा। इसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यालय की आय का उपयोग शिक्षा संबंधी गतिविधियों में ही हो और उसका इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए न किया जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत प्रस्तावित प्राधिकरण स्कूलों में निर्धारित मानकों के पालन की निगरानी करेगा।

यह की गई विद्यालय संचालन की अनुशंसाएं

  • विद्यालय को वित्तीय स्थिति, शुल्क प्राप्तियों का विवरण सार्वजनिक करना होगा।
  • सरप्लस धनराशि का उपयोग केवल शिक्षा के विकास में किया जाएगा।
  • सुरक्षा, ढांचागत सुविधाओं, शिक्षक-छात्र अनुपात और शिक्षण के मानक तय होंगे।
  • सरकारी और निजी विद्यालयों का मूल्यांकन समान नियमों और कसौटियों पर होगा।
  • अभिभावकों, शिक्षकों और जनता की शिकायतों के निवारण को केंद्रीयकृत पोर्टल।

निजी लाबी के दबाव से पार पाना आसान नहीं

एससीईआरटी ने एनईपी-2020 के प्रविधानों के अनुरूप स्कूल मानक प्राधिकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को सौंपा है। हालांकि, प्रस्ताव को शासन से मंजूरी दिलाने और लागू करने से पहले निजी स्कूल प्रबंधन लाबी के दबाव से पार पाना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और व्यावसायिक गतिविधियों से सरकार भी अनभिज्ञ नहीं है। निजी स्कूल आज शिक्षा उद्योग चला रहे हैं और प्रतिवर्ष करोड़ों का मुनाफा कमा रहे हैं।

शिक्षा की स्थिति

 स्त्रोत: पीएबी रिपोर्ट 2026-27
स्कूल का प्रकार स्कूलों की संख्या छात्र संख्या शिक्षक
सरकारी स्कूल 16,018 7,94,170 59,334
निजी स्कूल 5,352 14,23,508 67,489

एनईपी-2020 के प्रविधानों के अनुरूप स्कूल मानक प्राधिकरण का प्रस्ताव शासन को सौंपा गया है। शासन को इस पर विचार करना है। जो भी संशोधन मांगे जाएंगे, एससीईआरटी उन्हें समय पर पूरा करेगा। -बंदना गर्ब्याल, निदेशक, एससीईआरटी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।