उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफान 'अर्णव' से बढ़ी ठंड, जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफान 'अर्णव' के कारण गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में 8 डिग्री की गिरावट आई और ठंड बढ़ गई।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और चक्रवाती तूफान ''''अर्णव'''' के प्रभाव से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के चलते देहरादून में आठ डिग्री पारा गिर गया, जिससे ठंड का असर बढ़ गया।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और लगातार बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि शाम चार बजे ही अंधेरा छाने लगा। मौसम में आए बदलाव के चलते लोगों को एक बार फिर स्वेटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
राजधानी देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में सुबह से बारिश होती रही। कभी तेज तो कभी मध्यम गति से हुई बारिश ने सामान्य जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। बारिश के कारण सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया।
कई स्थानों पर जलभराव होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। शाम के समय बारिश और कम रोशनी के कारण सड़कों पर निकलना भी मुश्किल हो गया। दफ्तरों से घर लौटने वाले लोगों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम के इस बदले मिजाज ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने से दिन में भी लोगों को ठंड महसूस हुई। सुबह घरों से सामान्य कपड़ों में निकले लोगों को बाद में गर्म कपड़े पहनने पड़े।
बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी मौसम के बदलाव का असर दिखाई दिया। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलना बेहतर समझा।
पहाड़ से मैदान तक बारिश का असर
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश के कारण मौसम सर्द हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। चारधाम और ऊंची चोटियों वाले क्षेत्रों में मौसम का असर यात्रा और आवाजाही पर भी पड़ सकता है।
वहीं, मैदानी जिलों में बारिश के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी रही। मौसम के अचानक बदलने से लोगों को दैनिक कार्य निपटाने में परेशानी हुई। देहरादून में बारिश के चलते सड़कों पर कई जगह पानी जमा हो गया। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे अधिक परेशानी हुई।
शुक्रवार को पांच जिलों में आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं
सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी जनपदों को आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए।
यह भी पढ़ें- मसूरी में खराब मौसम के बावजूद आरएसएस स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन, दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
यह भी पढ़ें- दीपावली पर देहरादून की हवा की 24 घंटे निगरानी, चार पैरामीटर पर होगी गुणवत्ता की जांच
