उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड को लेकर सरकार की तैयारी तेज, जिलों में अपडेट होगा कोल्ड वेव एक्शन प्लान
उत्तराखंड में शीतलहर और पाले की आशंका के चलते आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारियों को ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
संवेदनशील क्षेत्रों और संकटग्रस्त लोगों की पहचान के निर्देश।
बुजुर्गों, बच्चों, बेघर लोगों के लिए गर्म कपड़े, आश्रय व्यवस्था।
रैन बसेरों में गर्म पानी, रोशनी, प्राथमिक उपचार की सुविधा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश में शीतलहर और पाले की आशंका के बीच आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और संकटग्रस्त लोगों की पहचान कर आवश्यक इंतजाम करने को कहा है। बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और बेघर लोगों के लिए गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दे रहे हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि जिलों से ग्राम स्तर तक त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय होंगे।
विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर उनके संपर्क विवरण आपातकालीन परिचालन केंद्रों को दिए जाएंगे। मौसम विभाग की चेतावनियां समय पर पहुंचाने और मौसम, यातायात, बिजली-पानी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के निर्देश हैं। रैन बसेरों और अस्थायी आश्रयों में गर्म पानी, रोशनी, शौचालय और प्राथमिक उपचार उपलब्ध होगा।
बाजारों, बस अड्डों, अस्पतालों और श्रमिक बहुल क्षेत्रों में अलाव जलेंगे। स्वास्थ्य विभाग हाइपोथर्मिया और फ्रास्टबाइट के उपचार के लिए दवाएं, एंबुलेंस और चिकित्सा दल तैयार रखेगा। पाला प्रभावित सड़कों पर नमक-चूने का छिड़काव होगा। बर्फबारी से संपर्क कटने की आशंका वाले क्षेत्रों में मार्च तक खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।