उत्तराखंड की दवा फैक्ट्रियों के 24 सैंपल फेल, लाइसेंस निलंबित
उत्तराखंड में केंद्रीय जांच में 24 दवा सैंपल फेल होने के बाद राज्य औषधि प्रशासन ने संबंधित दवा फैक्ट्रियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून । उत्तराखंड की दवा निर्माण इकाइयों पर केंद्रीय जांच रिपोर्ट के बाद शिकंजा कसा गया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की अप्रैल की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट में उत्तराखंड में निर्मित 24 दवाओं के सैंपल फेल पाए जाने के बाद राज्य औषधि प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित कंपनियों के उत्पाद लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
इनमें हरिद्वार, रुड़की, देहरादून, काशीपुर और कोटद्वार की निर्माण इकाइयों में बनी दवाएं शामिल हैं। साथ ही इन दवाओं से संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाते हुए बाजार से तत्काल वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
120 दवा सैंपल फेल
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की ओर से देशभर से लिए गए कुल 120 दवा सैंपल फेल पाए गए हैं। इनमें से 24 सैंपल उत्तराखंड के ही हैं। जांच में फेल हुई दवा में खांसी-जुकाम, बुखार, मानसिक रोग, पेट के कीड़े, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एसिडिटी, बैक्टीरियल संक्रमण और गर्भ संबंधी उपयोग की दवाएं शामिल हैं।
इससे आम मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। औषधि नियंत्रक ताजबर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट मिलते ही संबंधित निर्माण इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
साथ ही राज्यभर के औषधि निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच कर यह सुनिश्चित करें कि फेल बैच की कोई भी दवा बाजार में उपलब्ध न रहे। औषधि प्रशासन ने साफ किया है कि मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी इकाइयों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
एक ही कंपनी के एल्बेंडाजोल के चार सैंपल फेल
सबसे गंभीर मामला देहरादून की मैनकेयर लेबोरेटरीज का सामने आया है, जहां निर्मित एल्बेंडाजोल टैबलेट के चार अलग-अलग सैंपल फेल पाए गए हैं। यह दवा बच्चों में पेट के कीड़ों के इलाज के लिए आमतौर पर दी जाती है। विभाग ने इस दवा को तत्काल प्रभाव से बाजार से हटाने के आदेश दिए हैं।
ये दवाएं जांच में फेल
- दवा, निर्माता
- मिसोप्रोस्टोल टैबलेट्स, एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स हरिद्वार
- पेप्सिन फंगल डायस्टेज सिरप, स्काईमैप फार्मास्यूटिकल्स रुड़की
- डाइवलप्रोएक्स सोडियम ईआर टैबलेट, टैलेंट हेल्थकेयर हरिद्वार
- एल्बेंडाजोल टैबलेट, मैनकेयर लेबोरेटरीज देहरादून
- जाइलोमेटाजोलिन नेजल ड्राप्स, एग्रान रेमेडीज काशीपुर
- टेल्मिसार्टन टैबलेट, हेलैक्स हेल्थ केयर हरिद्वार
- मेटोप्रोलोल टैबलेट, हेलैक्स हेल्थ केयर हरिद्वार
- आइबुप्रोफेन व पैरासिटामोल टैबलेट, एग्रान रेमेडीज काशीपुर
- डायबिट-जीएम टैबलेट, बजाज फार्म्युलेशंस हरिद्वार
- टेरब्यूटालिन काम्बिनेशन सिरप, एग्लोमेड लिमिटेड रुड़की
- हायोसिन ब्यूटिलब्रोमाइड इंजेक्शन, हिमालय मेडिटेक देहरादून
- पैरासिटामोल काम्बिनेशन सस्पेंशन, रीजेंट अजंता बायोटेक हरिद्वार
- टेरब्यूटालिन काम्बिनेशन सिरप, सेंटलाइफ फार्मास्यूटिकल्स देहरादून
- सोडियम बाइकार्बोनेट एंटेरिक कोटेड टैबलेट, सुपरमैक्स ड्रग्स एंड फार्मा रुड़की
- रामिप्रिल टैबलेट, रवियन लाइफ साइंसेज हरिद्वार
- सिट्राज़ीन टैबलेट, लैनेट फार्मास्यूटिकल्स कोटद्वार
- फ्लुनिक्सिन मेग्लुमाइन इंजेक्शन, एग्रान रेमेडीज काशीपुर
- रामिप्रिल टैबलेट, नेक्सकेम फार्मास्यूटिकल्स हरिद्वार
- मिथाइलप्रेडनिसोलोन टैबलेट, यूनाइटेड बायोस्यूटिकल्स हरिद्वार
- सिप्रोफ्लोक्सासिन टैबलेट, ओमेगा फार्मा रुड़की
- कोरल कैल्शियम व विटामिन डी थ्री टैबलेट, मस्कोन लाइफ साइंसेज रुड़की
यह भी पढ़ें- कोटद्वार में दवाइयों की अवैध फैक्टरी सील, कोरोनाकाल में बनी थी नकली रेमडेसिविर
