विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में नर्सिंग शिक्षा का नया दौर, बढ़ीं 321 सीटें, तीन नए राजकीय कालेज खुले

Published: Sat, 17 Oct 2026 10:04 PM (IST)

उत्तराखंड में नर्सिंग शिक्षा का व्यापक विस्तार हुआ है, जिसमें 321 नई सीटें जोड़ी गई हैं और तीन नए राजकीय ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जुलाई 2021 से अब तक प्रदेश में तीन नए राजकीय नर्सिंग कालेज स्थापित किए गए हैं। इससे नर्सिंग पाठ्यक्रमों में 321 सीटों की वृद्धि हुई है।

प्रदेश के राजकीय नर्सिंग कालेजों में सीटों की संख्या बढ़कर 879 और निजी संस्थानों में 10,616 हो गई है। इस तरह सरकारी और निजी संस्थानों में कुल 11,495 सीटें उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए नर्सिंग संस्थानों में शैक्षिक सुविधाओं और फैकल्टी की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

नए राजकीय संस्थानों में बीएससी नर्सिंग की 151, एमएससी नर्सिंग की 120, एनपीसीसी की 20 और एनपीएम की 30 सीटें बढ़ी हैं। प्रदेश में एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

नर्सिंग विद्यार्थियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ जापानी, जर्मन और स्पेनिश जैसी विदेशी भाषाओं में भी दक्ष बनाया जा रहा है। सरकारी प्रयासों से वर्ष 2023 में दो बैचों के 60 अभ्यर्थियों को जापान में, जबकि वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला। इससे युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

निजी संस्थानों में बढ़ी क्षमता

जुलाई 2021 के बाद प्रदेश के 76 निजी नर्सिंग संस्थानों को पाठ्यक्रम संचालन के लिए अनिवार्यता प्रमाणपत्र जारी किए गए। विभिन्न पाठ्यक्रमों में 5,138 सीटों को मंजूरी दी गई। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थी भी यहां नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।

चिकित्सा शिक्षा निदेशक डा. आशुतोष सयाना के अनुसार दिसंबर 2021 में 40 और जून 2025 तक 26 नर्सिंग ट्यूटर नियुक्त किए गए। अक्टूबर 2022 में आठ असिस्टेंट प्रोफेसर और एक एसोसिएट प्रोफेसर सहित नौ संकाय सदस्यों की नियुक्ति हुई।

नवंबर 2025 में सात अन्य संकाय सदस्यों की नियुक्ति की गई। इसके अलावा 16 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है और 30 ट्यूटरों के पदों के लिए अधियाचन भेजा गया है। नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में हर साल लगभग 12 से 15 हजार अभ्यर्थी आवेदन करते हैं।

यह भी पढ़ें- देहरादून सड़क हादसे में मृत दो परिवारों को पीआरटीसी देगा 66.34 लाख का मुआवजा, MACT ने दिया आदेश

यह भी पढ़ें- पिता करते हैं मजदूरी और मां घरों में काम, अभावों से निकलकर देहरादून की चांदनी संवार रही 110 बच्चों का भविष्य