उत्तराखंड के 36 युवा पर्वतारोही तीन हिमालयी चोटियों पर फहराएंगे तिरंगा, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया विदा
उत्तराखंड के 36 युवा पर्वतारोही तीन प्रतिष्ठित हिमालयी चोटियों माउंट भागीरथी-द्वितीय, माउंट पंचाचूली-प्रथम और माउंट स्वर्गारोहिणी-प्रथम पर तिरंगा फहराने के लिए रवाना हुए।
-1790607489137_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। हिमालय की ऊंचाइयों को नापने और साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने के संकल्प के साथ उत्तराखंड के 36 युवा पर्वतारोही तीन प्रतिष्ठित चोटियों पर तिरंगा फहराएंगे।
सोमवार को हिमालयन कल्चर सेंटर से पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने तीनों पर्वतारोहण अभियान दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और भारतीय पर्वतारोहण संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन अभियानों में 12-12 सदस्यों के तीन दल शामिल हैं।
पर्वतारोही माउंट भागीरथी-द्वितीय (6512 मीटर), माउंट पंचाचूली-प्रथम (6355 मीटर) और माउंट स्वर्गारोहिणी-प्रथम (6252 मीटर) की चोटियों पर आरोहण करेंगे। भागीरथी-द्वितीय दल का नेतृत्व दशरथ सिंह रावत, स्वर्गारोहिणी-प्रथम दल का लता बिष्ट और पंचाचूली-प्रथम दल का नेतृत्व विजय सिंह रौतेला कर रहे हैं।
अभियान का खास पहलू स्वर्गारोहिणी-प्रथम के लिए रवाना हुआ 12 सदस्यीय दल है, जिसमें नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और टिहरी की महिला पर्वतारोही शामिल हैं।
अभियान दलों को रवाना करते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पर्वतारोहण केवल शिखर तक पहुंचने का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व की परीक्षा भी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवा प्रशिक्षित पर्वतारोही, गाइड और एडवेंचर प्रोफेशनल बनकर रोजगार के नए अवसर हासिल करें।
उन्होंने कहा कि यह अभियान उत्तराखंड को अग्रणी एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा है। इससे पहले 100 ट्रेकिंग रूट की जीपीएस मैपिंग के लिए दल रवाना किए जा चुके हैं।
आने वाले महीनों में आदि कैलास परिक्रमा-2.0, अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज और हिमालयन कार रैली जैसे आयोजन प्रस्तावित हैं।
सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने पर्वतारोही दलों से इस अभियान में ''सेफ्टी फर्स्ट'' और ''लीव नो ट्रेस'' के सिद्धांतों के पालन की अपेक्षा जताई।
भारतीय पर्वतारोहण संघ के अध्यक्ष कर्नल विजय सिंह ने युवाओं को सफल और सुरक्षित आरोहण की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद समेत अभियान दलों के सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- फर्जी MBBS दाखिला रैकेट: देहरादून में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल पांच पकड़े गए
यह भी पढ़ें- देहरादून में इन्फ्लुएंजा H1N1 के सात नए मामले, डेंगू के कुल 222 मरीज
