विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, जातिसूचक शब्दों का आरोप

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:00 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 07 Nov 2026 11:54 AM (GMT+05:30)

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर ...और पढ़ें

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, पति गिरधारी लाल साहू। फाइल फोटो

 कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, पति गिरधारी लाल साहू। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी की ओर से लगाए गए जातिसूचक टिप्पणी और उत्पीड़न के आरोपों के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

बरेली से किया गिरफ्तार

रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून की कैंट कोतवाली में पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया गया था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए तीन नोटिस भेजे जाने के बावजूद गिरधारी लाल जांच में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल किया गया। उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी।

मंत्री ने अपनी शिकायत में मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, जान से मारने की धमकी और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि पति ने पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया और कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षरों के जरिये उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाया। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।

कैबिनेट मंत्री का वीडियो प्रसारित होने से मच गई थी खलबली

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का 15 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया पर अचानक एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

मंत्री ने पति पर मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। ऑडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है।

मुकदमा दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने फेसबुक पर एक वीडियो और पति से जुड़ा आडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि ऑडियो सुनने के बाद उन्हें पुलिस में शिकायत देने का निर्णय लेना पड़ा। मंत्री के मुताबिक, यह कदम बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। इस घटनाक्रम के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।

मुकदमे के बाद महिलाओं से की अपील

रेखा आर्या ने महिलाओं से घरेलू उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, “महिला आम हो, महिला खास हो… घरेलू अत्याचार न सहना है, न सहना है, बल्कि उसे कहना है।” उन्होंने संदेश दिया कि महिलाओं को अपने साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ चुप रहने के बजाय आवाज उठानी चाहिए।

FIR में भारतीय दंड संहिता (IPC) की निम्नलिखित 10 धाराओं का उल्लेख

  •  धारा 120-B
  •  धारा 323
  •  धारा 420
  •  धारा 467
  •  धारा 468
  •  धारा 471
  •  धारा 495
  •  धारा 498-A
  •  धारा 504
  •  धारा 506

इसके अतिरिक्त, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत निम्नलिखित धाराओं का उल्लेख किया गया।

  • धारा 3(1)(द)
  • धारा 3(1)(ध)
  • धारा 3(2)(va)

इन धाराओं का उल्लेख शिकायत के आधार पर दर्ज FIR में किया गया है।

गिरधारी लाल साहू कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर भी लगा चुके हैं आरोप

देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से मारपीट, उत्पीड़न, जाति सूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी के आरोपों में मुकदमा दर्ज कराने के बाद गिरधारी लाल साहू की ओर से इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया गया।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से जो आडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है वह आटिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) से बनाया गया है। कहा कि सड़क पर खड़ी एक महिला को उन्होंने कहां से कहां पहुंचा दिया है। जिस महिला के पास कुछ नहीं था, उसके पास से 210 करोड़ रुपये की संपति कहां से आई, यह जांच का विषय है।

साहू ने कहा कि रेखा आर्या के दिमाग में यह है कि जीवन भर मंत्री बनी रहूंगी, लेकिन जीवन में उतार चढ़ाव आते रहते हैं। सड़क खड़ी महिला को उन्होंने कहां पहुंचा दिया है। शादी के समय रेखा आर्या सलवार कुर्ते में आई थी, उसे आज कहां पहुंचा दिया है।

उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि मंत्री फर्जी तहरीर व बयान वापस नहीं लेगी तो वह चुन-चुनकर हिसाब लेंगे। नसीहत भी दी कि मंत्री गंभीरता से सोचें और निवेदन किया कि सही दिमाग का इस्तेमाल करो, अभी सभी चीजें ठीक हो सकती हैं। मन को शांत रखो।

गिरधारी लाल यहीं नहीं रुके आरोप लगाया कि हर बार मंत्री से कहा कि भ्रष्टाचार बंद करो। मंत्री रेखा आर्या का नाम पूरे देश में भ्रष्टाचार में है। उन्होंने भ्रष्टाचार की चरम सीमा पार कर दी है। कहा कि रेखा आर्या ने आरोप ऐसे लगाए हैं जिसे कभी कोई पत्नी अपने पति पर नहीं लगा सकती।

17 वर्ष में उनके लिए क्या-क्या नहीं किया। लोगों के सामने वोट के लिए झोली फैलाई। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत आपसे भी की थी, आपने डांट भी लगाई थी। किसी भी एजेंसी से जांच कराओ जिस महिला के पास कुछ नहीं था उसके पास 210 करोड़ रुपये अवैध रूप से विस्तार से बताने का काम करूंगा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति साहू के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद करने से इनकार

यह भी पढ़ें- कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति साहू के खिलाफ मिले अहम सबूत, गैर-जमानती वारंट जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।