Uttarakhand Lockdown Update: यहां मदद पाने को आतुर भीड़ तोड़ रही सारे नियम कायदे, जानिए
लॉकडाउन के चलते कोई भूखा न सोए इसके लिए कई संगठन और व्यक्ति जरूरतमंदों की मदद को आगे आ रहे हैं लेकिन इस दौरान भीड़ इतनी बढ़ जा रही है कि सारे नियम और कानून तार-तार हो रहे हैं।
देहरादून, जेएनएन। लॉकडाउन के चलते कोई भी भूखा न सोए इसके लिए कई संगठन और व्यक्ति जरूरतमंदों की मदद को आगे आ रहे हैं, लेकिन इस दौरान भीड़ इतनी बढ़ जा रही है कि सारे नियम और कानून तार-तार हो रहे हैं। ऐसा ही हाल शनिवार को सेलाकुई में देखा गया। उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच और आराधना ग्रामीण विकास केंद्र समिति द्वारा सेलाकुई में गरीब मजदूरों को खाद्य सामग्री वितरण की गई। 235 लोगों को पांच किलो आटा, पांच किलो चावल, ढाई सौ ग्राम दाल, एक किलो आलू, ढाई सौ ग्राम प्याज और मसाले के पैकेट वितरण किए गए। इस दौरान राशन लेने को इतनी भीड़ जुट गयी कि लोगों ने अपने बीच दूरी भी नहीं बनाई। मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर ने कहा कि सेलाकुई में लगभग 800 से 900 के बीच मजदूर बाहरी प्रदेशों के हैं।
कहीं बांटा तो कहीं राशन किया एकत्र
भाजपा के जिला महामंत्री अरुण मित्तल ने साठ परिवारों को पंद्रह-पंद्रह किलो खाने का सामान उपलब्ध कराया। उन्होंने क्षेत्र के पश्चिमवाला और कैनाल रोड विकासनगर में रह रहे मजदूर परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। तहसीलदार विकासनगर आकांक्षा वर्मा के दिशा निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में विकासनगर पुलिस भी उनके साथ रही।
इसके अलावा सुद्दोवाला मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ग्राम सभा अटैक फार्म घर-घर जाकर खाने की सामग्री एकत्रित की। सामग्री को गरीबों में वितरित किया जाएगा। उधर हरबर्टपुर में पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों को साथ लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मोहित बिष्ट ने बेघर और बेसहारा लोगों को खाने का सामान प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर रहने वाले लोगों की सेनिटाइजर से साफ सफाई भी करायी।
वॉरियर्स गर्ल्स ने बीस परिवारों को बांटा राशन
बाडवाला में वॉरियर्स गर्ल्स फाउंडेशन ने बीस जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित किया। इस दौरान अध्यक्ष रिहाना सिद्दीक़ी ने लोगों को वायरस के संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने पैदल अपने घरों को लौट रहे मजदूरों को फल भी वितरित किए। इस दौरान प्रीति सैनी, नरेश कुमार, मुस्कान, पायल, अलफिशा आदि भी मौजूद रहे। वहीं सीतापुर यूपी के बीस मजदूरों को ग्राम प्रधान जमनीपुर अनिता देवी व सामाजिक कार्यकर्ता शिशुपाल ने भोजन कराया।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड के सीएम बोले, छूट का समय बढ़ाने के दिख रहे सकारात्मक परिणाम
अस्पताल प्रशासन को दिए सैनिटाइजर और मास्क
नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, शशांक अग्रवाल व विनीत गर्ग ने उप जिला चिकित्सालय को सौ मास्क व सौ सेनिटाइजर प्रदान किए। उप जिला चिकित्सालय प्रशासन को सामान सौंपते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में इस प्रकार के सामान की कमी न हो, इसके लिए नगरवासियों की ओर से ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने चिकित्साधिकारी को भविष्य में हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
यह भी पढ़ें: Lockdown in Dehradun: बाजार में कम होने लगी भीड़, सड़कों पर बरकरार