उत्तराखंड बना फिल्मकारों की नई पसंद, गोवा में हुआ नीति पर मंथन
उत्तराखंड अपनी नई फिल्म नीति और प्राकृतिक सुंदरता के दम पर फिल्म उद्योग को आकर्षित कर रहा है। गोवा में आयोजित आईएफएफआई-2026 के फिल्म बाजार में इस पर चर्चा हुई, जिसमें फिल्मकारों ने प्रदेश में शूटिंग के अनुभव साझा किए और सब्सिडी व आसान अनुमति प्रक्रियाओं की सराहना की।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। पहाड़ों की खूबसूरती अब सिर्फ पर्यटन का आकर्षण नहीं, बल्कि फिल्म उद्योग के लिए भी बड़ा अवसर बन रही है। उत्तराखंड ने अपनी प्राकृतिक लोकेशन, फिल्म सब्सिडी और शूटिंग की सुविधाओं के दम पर फिल्मकारों को प्रदेश की ओर खींचने की कोशिश तेज कर दी है।

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई)-2026 के वेव्स फिल्म बाजार में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग स्थलों को लेकर हुई चर्चा इसी दिशा में अहम रही।
‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड : व्हेयर नेचर मीट्स सिनेमैटिक मैजिक’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में फिल्मकारों ने प्रदेश में शूटिंग के अनुभव साझा किए। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर बात रखी। सत्र का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
तीन करोड़ तक सब्सिडी, शूटिंग की अनुमति आसान
संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने का आधार बन रही है। नीति के तहत पात्र हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों को निर्धारित शर्तों के अनुसार अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल अनुमति प्रक्रिया के जरिए फिल्मकारों को शूटिंग के लिए सुविधाएं दी जा रही हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल-कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों को फिल्म शूटिंग के लिए संभावित केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया गया। हिमालयी दृश्य, नदियां, विरासत भवन और लोक संस्कृति प्रदेश को अलग-अलग तरह की कहानियों के लिए विविध पृष्ठभूमि उपलब्ध कराते हैं।
17 बार उत्तराखंड पहुंचे राम रेड्डी
फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड को अपना दूसरा घर बताया। फिल्म के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार प्रदेश आए। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया। यह अनुभव प्रदेश में स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्म उद्योग से जोड़ने की संभावनाओं को भी सामने रखता है।
उत्तराखंड की कहानी, बड़े मंच तक पहुंच
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस परियोजना को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता मौजूद है, लेकिन अधिक फिल्मकारों को आकर्षित करने के लिए मजबूत फिल्म निर्माण इकोसिस्टम विकसित करना जरूरी है।
शूटिंग से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा विस्तार
फिल्म नीति का लक्ष्य केवल प्रदेश में कैमरे पहुंचाना नहीं, बल्कि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को फिल्म उद्योग से जोड़ना भी है। नीति में टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी यानी तीन टी पर जोर दिया गया है। फिल्म निर्माण बढ़ने से होटल, परिवहन, खानपान, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी कारोबार के अवसर बढ़ सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।