उत्तराखंड से नेपाल जाना होगा आसान, बस सेवा का दायरा बढ़ाने की तैयारी, 16 परमिट मिले
उत्तराखंड परिवहन निगम भारत-नेपाल के बीच बस कनेक्टिविटी मजबूत कर रहा है, जिसके लिए 16 मैत्री बस सेवा परमिट मिले हैं। इसके साथ ही, निगम घाटे के कारण बंद पड़ी लंबी दूरी की वोल्वो बस सेवाओं को भी फिर से शुरू करने की तैयारी में है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जयदीप झिंक्वाण, जागरण देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम अब भारत-नेपाल के बीच बस कनेक्टिविटी मजबूत करने की तैयारी में है। नेपाल के लिए मैत्री बस सेवा को सुगम बनाने के उद्देश्य से निगम ने 16 परमिट हासिल किए हैं। इनमें हरिद्वार से नेपालगंज के लिए 12 और देहरादून से महेंद्रनगर के लिए चार परमिट शामिल हैं। परमिट मिलने के बाद अब बस संचालन की तैयारियां तेज की जा रही हैं।
इससे उत्तराखंड और नेपाल के बीच सड़क परिवहन का दायरा बढ़ने के साथ यात्रियों को सीधी बस सेवा उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा।नेपाल मैत्री बस सेवा के साथ ही रोडवेज लंबी दूरी की बंद पड़ी लग्जरी बस सेवाओं को भी दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
निगम ने घाटे के कारण जम्मू-कटरा, अयोध्या, अमृतसर, टनकपुर और मथुरा के लिए वाेल्वो बसों का संचालन रोक दिया था। अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन मार्गों पर सेवा बहाल करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
लंबी दूरी के मार्गों पर संचालित अनुबंधित वाेल्वो बसों में से 16 का अनुबंध हाल ही में समाप्त हुआ है। निगम मुख्यालय इन बसों का अनुबंध बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में मंडलीय प्रबंधकों को पत्र भेजकर बस मालिकों से किराए को लेकर विस्तृत चर्चा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यालय चाहता है कि अनुबंध विस्तार से पहले किराया तय हो जाए, ताकि बाद में बस मालिकों की ओर से किराए को लेकर दबाव न बने। किराया निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसों का संचालन बहाल किया जा सकेगा। एक सप्ताह के भीतर इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
किराया तय होते ही बहाल होंगी वाेल्वो सेवाएं
महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि लंबी दूरी की वाेल्वो बस सेवा बहाल करने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। बस मालिकों से किराए पर चर्चा के बाद अनुबंध बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा को सुगम बनाने के लिए 16 परमिट लिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।