उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने बांधी सीट बेल्ट, सरकार के खिलाफ चार्जशीट होगी चुनावी हथियार
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सरकार के खिलाफ खनन, आबकारी, बेरोजगारी और महिला अपराध जैसे विभिन्न मुद्दों पर चार्जशीट जारी करने की तैयारी कर रही है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस चुकी कांग्रेस अब विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी कर इसे चुनावी हथियार बनाने जा रही है।
अभी तक कथित भूमि घपलों को लेकर चार्जशीट जारी कर चुकी कांग्रेस अब आने वाले दिनों में खनन, आबकारी, बेरोजगारी, महिला अपराध, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन समेत अन्य विषयों से जुड़े मुद्दों पर चार्जशीट जारी कर सरकार से जवाब मांगेगी।
इसके लिए कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी कवायद में जुटी है और इन विषयों को चुनावी मुहिम के दौरान जनता के बीच भी रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर दून में गूंजी न्याय की पुकार, कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च
सत्ता में आने को छटपटा रही कांग्रेस
उत्तराखंड में वर्ष 2017 से सत्ता में आने को छटपटा रही कांग्रेस ने इस बार तमाम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है, ताकि इसके जरिये चुनावी वैतरणी पार लग सके। इसी कड़ी में कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अगुआई में राज्य स्तर पर चार्जशीट कमेटी गठित की है।
कांग्रेस की योजना केवल चार्जशीट जारी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह इन मुद्दों को सरकार की विफलता के तौर पर इन्हें जनता के बीच रखेगी। यानी, चार्जशीट को दस्तावेज से आगे बढ़ाकर चुनावी संवाद का माध्यम बनाने की तैयारी है।
बता दें कि भूमि के मुद्दे पर कांग्रेस ने हाल में ही चार्जशीट जारी की थी। तब कांग्रेस के आरोपों के जवाब में भाजपा ने पलटवार कर कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए कांग्रेसराज के भूमि आवंटनों को लेकर सवाल पूछे थे। जाहिर है कि अब जिन भी मुद्दों पर कांग्रेस चार्जशीट जारी करेगी, उसमें चार्जशीट बनाम जवाब की सियासी जंग तेज होने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की सियासत में फिर हलचल, अब हरीश रावत के इस्तीफे से जुड़े लेटर ने उड़ाई कांग्रेस की नींद
राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस चार्जशीट तैयार करने में जुटी है। एक-एक कर जारी करने के साथ ही इन्हें विमर्श के केंद्र में लाया जाएगा। - करन माहरा, अध्यक्ष, चार्जशीट कमेटी, प्रदेश कांग्रेस
