अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर दून में गूंजी न्याय की पुकार, कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च
अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर देहरादून में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि सभा और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए।
-1789749381819_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को देहरादून में विभिन्न संगठनों ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर न्याय की मांग उठाई।
महिला कांग्रेस ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कैंडल मार्च निकाला, जबकि अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा के बाद घंटाघर तक मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीं, सीबीआइ कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन कर जांच की प्रगति और वीआइपी की भूमिका से जुड़े सवाल उठाए।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पहले अंकिता की स्मृति में ‘न्याय का दीप’ जलाया गया, फिर कैंडल मार्च निकाला गया।
रौतेला ने कहा कि अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय मिलने और मामले से जुड़े अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने आने तक संघर्ष जारी रहेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने भी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
उधर, गांधी पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। कमला पंत ने मामले के घटनाक्रम और न्याय के लिए चल रहे संघर्ष की जानकारी दी।
सभा में वीआइपी की पहचान, वनंतरा रिजार्ट पर बुलडोजर कार्रवाई, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और सीबीआइ जांच की प्रगति को लेकर सवाल उठाए गए। सभा में सुजाता पाल ने न्याय संकल्प पढ़वाया।
उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और न्याय की मांग जारी रखने का संकल्प लिया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर अंकिता को श्रद्धांजलि दी गई।
इसके साथ ही गांधी पार्क से घंटाघर तक और वापस गांधी पार्क तक मानव श्रृंखला बनाई गई। इसी बीच सीबीआइ कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन में भी जांच की स्थिति और वीआइपी से जुड़े सवाल उठाए गए।
शहीदस्थल पर शहर कांग्रेस पदाधिकारियों और सदस्यों ने शहीद स्थल पर अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंकिता के हत्यारों को सजा देने की मांग की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुंसोला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, महेश चंद्र सहित अनेकों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- देहरादून में पुलिस कर्मी ने की युवती से छेड़छाड़, विरोध में बजरंग दल ने लगाया जाम
