विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, अर्द्धसैनिक बलों की 70 से ज्यादा कंपनियां होंगी तैनात

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 70 से अधिक अर्द्धसैनिक बल कंपनियां मांगी जाएंगी।

  2. 10,000 होमगार्ड पड़ोसी राज्यों से बुलाने की तैयारी।

  3. हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरे और लाइव प्रसारण होगा।

विकास गुसाईं, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से लगभग 10 हजार होमगार्ड लेने की तैयारी है।

प्रदेश में अगले वर्ष चुनाव होने हैं। यद्यपि, चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ ही यह तय होगा कि प्रदेश में चुनाव कब होंगे, लेकिन मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय अभी से तैयारियों में जुट गया है। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्मिकों और सुरक्षा बलों की तैनाती की कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसके तहत मतदान से लेकर मतगणना तक विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए करीब 50 हजार कार्मिकों की तैनाती की जाएगी।

वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केंद्रों की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को लगाया जाएगा। प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की उपलब्धता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रदेश पुलिस के इन चुनावों में तकरीबन 15 हजार जवान लगेंगे। इसके अलावा केंद्र से अर्द्धसैनिक बलों के साथ ही दूसरे राज्यों से होमगार्ड की मांग की जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले होमगार्ड को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

सी-विजिल एप भी होगी सक्रिय

चुनाव के दौरान आचार संहिता के अनुपालन पर नजर रखने के लिए सी-विजिल एप को भी सक्रिय किया जाएगा। इसके जरिये कोई भी व्यक्ति आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी जानकारी दे सकेगा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड को मिली नई रफ्तार: टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी मार्ग पर सफर होगा आसान

हर बूथ में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

प्रदेश में चुनाव के दौरान हर बूथ पर सीसी कैमरों से नजर रखी जाएगी। साथ ही आयोग की टीमों के लिए लगाए जाने वाले वाहनों पर भी जीपीएस लगाया जाएगा ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही मतदान केंद्रों से मतदान की सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।

चुनावों के दृष्टिगत अभी से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके तहत सुरक्षा बलों की आवश्यकता के संबंध में केंद्र को पत्र भेज दिया गया है। अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं।- विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।