यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Coronavirus News Update: उत्तराखंड में कोरोना कोरोना के रिकॉर्ड 2078 मामले, 40 हजार के पार आंकड़ा
Uttarakhand Coronavirus News Update उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को रिकॉर्ड 2078 मामले दर्ज किए गए हैं।

देहरादून, जेएनएन। Uttarakhand Coronavirus News Update उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। शनिवार को रिकॉर्ड 2078 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें सबसे अधिक 668 देहरादून से हैं। इसके अलावा 397 ऊधमसिंहनगर, 289 हरिद्वार, 231 नैनीताल, 146 टिहरी गढ़वाल, 99 पौड़ी गढ़वाल, 54 चमोली, 67 उत्तरकाशी, 39 पिथौरागढ़, 19 चंपावत, 13-13 रुद्रप्रयाग और बागेश्वर, 43 अल्मोड़ा में सामने आए हैं। वहीं, 878 ठीक हुए हैं, जबकि 14 की मौत हुई है। प्रदेश में अब संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 40085 हो गया है। हालांकि, इनमें से 26973 पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 12465 केस एक्टिव है, जबकि 478 की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 169 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं।
महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष की मौत
ऋषिकेश महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष शिव मोहन मिश्रा (48 वर्ष) का शनिवार की सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में निधन हो गया। कुछ दिन पूर्व तबीयत खराब होने पर उन्हें एम्स में भर्ती किया गया था। जहां उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बाद में उनकी हालत बिगड़ती गई, उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। बाद में उनकी कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। शनिवार की सुबह उनका निधन हो गया।
उत्तराखंड में 24 घंटे में आए 868 कोरोना के पॉजिटिव केस, 1285 को अस्पताल से छुट्टी
उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच शुक्रवार को कुछ राहत रही। कई दिन बाद ऐसा हुआ कि स्वस्थ मरीजों का आंकड़ा संक्रमितों से ज्यादा रहा। विभिन्न अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर से रिकॉर्ड 1285 संक्रमित मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। जबकि 868 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह दून के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। हरिद्वार के एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्ण राज एस और नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सरकारी और निजी लैब से 12135 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें 11267 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। देहरादून में फिर सर्वाधिक 359 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब तक देहरादून में साढ़े नौ हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। ऊधमङ्क्षसह नगर में भी 161 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं हरिद्वार में 106 और नैनीताल में 83 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि अब तक प्रदेश में 38007 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 26095 ठीक हो गए हैं।
रिकवरी रेट 69 फीसद
प्रदेश में जहां एक ओर संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ रहा है, वहीं अब हर दिन बड़ी संख्या में मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। अच्छी बात ये है कि प्रदेश में रिकवरी दर 69 फीसद के करीब पहुंच गई है।
आठ मरीजों की मौत
कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को भी आठ मरीजों की मौत हुई है। एम्स ऋषिकेश में चार साल की एक बच्ची समेत चार की मौत हुई है। इसके अलावा हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भी तीन मरीजों की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 476 पहुंच गई है।
