अंकिता भंडारी हत्याकांड: उत्तराखंड में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा का घेराव
उत्तराखंड कांग्रेस 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव करेगी, जिसमें अंकिता भंडारी प्रकरण सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस अपने चुनाव अभियान में अंकिता भंडारी प्रकरण, वोट चोरी, चंदा चोरी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, गांवों से पलायन, वन्यजीवों का आतंक समेत तमाम मुद्दों को धार देगी।
इसी कड़ी में कांग्रेस 27 अक्टूबर को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन विधानसभा का घेराव करेगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम को हुई बैठक में चुनाव अभियान के दृष्टिगत आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
27 अक्टूबर के विधानसभा घेराव
उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंची कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सैलजा ने शाम को होटल हयात सेंट्रिक में हुई बैठक में पार्टी के प्रांतीय नेताओं के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के कार्यक्रमों व उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर विमर्श किया।
बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव व सुरेंद्र शर्मा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, विधायक भुवन कापड़ी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
बैठक में आगामी चुनाव अभियान में ज्वलंत मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने का निश्चय किया गया। तय किया गया कि अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर 27 अक्टूबर के विधानसभा घेराव में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। इससे पहले 22 से 25 अक्टूबर तक राज्य में विधानसभा क्षेत्रवार प्रदर्शन, सभाएं करने के साथ ही जनता से संवाद किया जाएगा। इस दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण के साथ ही विभिन्न मुद्दों को जनता के बीच रखा जाएगा। इसके अलावा बैठक में अन्य कार्यक्रम भी तय किए गए।
आनुषांगिक संगठनों के साथ बैठक आज
कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी सैलजा शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के आनुषांगिक संगठनों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान विस चुनाव अभियान में आनुषांगिक संगठनों की भूमिका समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा होगी।
