विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में SIR पर गरमाई सियासत: कांग्रेस का 'वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च', प्रदेश भर में प्रदर्शन

Published: Thu, 08 Oct 2026 01:01 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 08 Oct 2026 02:16 PM (GMT+05:30)

उत्तराखंड में कांग्रेस ने मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर 'वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च' निकाला।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार को मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर 'वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च' निकाला गया। 

कांग्रेसियों ने वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च निकाला

उत्तरकाशी: जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर 'वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च' निकाला। इस दौरान कांग्रेसियों ने बस अड्डे के पास मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से बस अड्डा तक निकाले गये मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बांह पर काली फीती बांधकर पहुंचे कांग्रेसियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सरकार के साथ मिली भगत कर और वोट चोरी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूची एवं कथित वोट चोरी का मुद्दा देश के सामने उठा रहे हैं। कांग्रेस इन मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करती है, ताकि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बाद में, कांग्रेसियों ने नगर पालिका परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के पास पहुंचा, जहां भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326, जो वयस्क मताधिकार का संवैधानिक आधार है, का वाचन किया गया। प्रदर्शन में कमल सिंह रावत, कनकपाल परमार, विजेंद्र नौटियाल, सुधीश पंवार, शीशपाल पोखरियाल, भगत सिंह, एकादशी, जावेद खान, अनुराग रांगड़ आदि रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में Voter List से कटे 13.03 लाख नाम, नए मतदाताओं के लिए मैपिंग नियम बदले

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका

चंपावत : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और गांधी चौक पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिराग़ फर्त्याल की अगुवाई में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता मोटर स्टेशन स्थित गांधी चौक पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी सवाल उठाए। गांधी चौक पर धरना देकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किए गए बदलावों की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए और निर्वाचन आयोग के फैसलों की जांच की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

वोट चोरी के विरोध में सड़कों पर उतरा इंडिया गठबंधन

वोट चोरी के मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन सड़कों पर उतर आया हैं। नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में भारी संख्या में एकजुट कांग्रेस और भाकपा माले से जुड़े कार्यकर्ताओ ने पदयात्रा निकाल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। माल रोड होते हुए तल्लीताल डांठ में कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।

गुरुवार को इंडिया गठबंधन के बैनर तले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मल्लीताल पंत पार्क में एकत्रित हुए। जहां से कार्यकर्ताओं ने विशाल पदयात्रा निकली। कार्यकर्ताओ ने वोट चोरी पर सरकार को घेरते हुए जमकर नारेबाजी की। मालरोड होते हुए पदयात्रा तल्लीताल डांठ पहुंची। जहां सभा कर वक्ताओं ने वोट चोरी, एसएआर के जरिये लोगों से मतदान का अधिकार छीनने के आरोप लगाते हुए सरकार को जमकर घेरा।

यह भी पढ़ें- बंगाल में छूटे मतदाताओं को मिलेगा दोबारा नाम जुड़वाने का मौका, विशेष अभियान शुरू

यशपाल आर्य ने कहा कि आज संविधान को बचाने के लिए आज तमाम संगठन एकजुट होकर सड़क पर उतरे है। आज सरकार द्वारा किये गए कारनामों से मताधिकार खतरे में है। 2023 में जब संसद का सत्र चल रहा था तो भाजपा ने कांग्रेस के सांसदों को निलंबित कर लोकयुक्त, मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे पदों पर बैठे अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होने का बिल पास करवा लिया। वर्षों से भाजपा वोट चोरी कर सरकार बना रही है।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, नगर अध्यक्ष सचिन नेगी, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल, पूर्व विधायक रणजीत रावत, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, हरीश पनेरु, लाखन नेगी, कमलेश यादव, सीमा आर्य, गोपाल बिष्ट, देवेंद्र चनौतिया, भाकपा माले से कैलाश जोशी, डीएस मेहता, भावना भट्ट, राधा आर्य, पीसी गोरखा, हिमांशु पांडे, अंकित चंद्रा समेत भारी संख्या में कांग्रेस और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।