उत्तराखंड कांग्रेस की चुनावी रणनीति: सरकार की विफलताओं पर फोकस, बड़े नेताओं की होंगी जनसभाएं
उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाई है, जिसमें प्रदेश सरकार की विफलताओं को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा।
-1795362698402_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को कमर कस चुकी कांग्रेस प्रचार अभियान के दौरान प्रदेश सरकार की विफलताओं को प्रमुखता से जनता के बीच रखेगी। साथ ही जनता के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राज्य हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को अधिक व्यापक व प्रभावी बनाएगी।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही आगामी 15 दिसंबर तक के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
इस अवधि में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की तीन-तीन जनसभाएं आयोजित कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। तीनों नेताओं के कार्यक्रमों की तिथि व समय निर्धारित कराने का जिम्मा प्रदेश प्रभारी को सौंपा गया।
प्रदेश प्रभारी सैलजा ने बैठक में अपने छह दिवसीय भ्रमण का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा से आजिज आ चुकी जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस की ओर आशाभरी नजरों से देख रही है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से भी फीडबैक लिया और आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता एवं आपसी समन्वय से संचालित करने के निर्देश दिए।
साथ ही संगठन के प्रत्येक स्तर पर एकजुटता, सक्रियता व जवाबदेही से कार्य कर आमजन से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाने को कहा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मनोज यादव, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा व गुरदीप सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी उपस्थित रहे।
26 को लोक भवन कूच करेगी पार्टी
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने बताया कि बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे हस्ताक्षर अभियान पर चर्चा हुई। इससे संबंधित बैनर सोमवार व मंगलवार को सभी जिलों व ब्लाकों से प्रदेश मुख्यालय पहुंच जाएंगे।
26 नवंबर को लोक भवन कूच कर इन्हें राज्यपाल को सौंपा जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार से जुड़े विषयों पर बुकलेट भी तैयार कर इसे आमजन को वितरित किया जाएगा।
दो दिसंबर को हरिद्वार में सम्मेलन
बैठक में दो दिसंबर को प्रदेश, जिला व ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मेलन आयोजित करने का निश्चय किया गया। सम्मेलन हरिद्वार में प्रस्तावित है। बैठक में चुनाव घोषणा पत्र के संबंध में बताया गया कि इसका कार्य अंतिम चरण में है। घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदुओं को पैंफलेट के माध्यम से जनता के बीच रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।